जिला कोर्ट ने मिर्जामुराद पुलिस को एक याचिका की सुनवाई के बाद पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया। वादिनी आयशा बेगम ने जिला न्यायालय में पांच लोगों के खिलाफ याचिका दाखिल की थी। अगस्त माह में इलियास, रेयाज, एक लाख उर्फ डॉक्टर व खेरू निशा निवासी मोहनसराय थाना रोहनिया व नसीम अहमद ने पति को मारा पीटा और उपचार के दौरान बीएचयू स्थित ट्रामा सेंटर में 31 अगस्त को मौत हो गई। थाने से न्याय न मिलने पर महिला ने न्यायालय में गुहार लगाई। न्यायालय के आदेश पर शनिवार को मुकदमा दर्ज किया गया।
जंसा कस्बा स्थित शराब ठेके के पास शुक्रवार की शाम फायरिंग की सूचना पर पुलिस हलाकान हुई। सूचना देने वाले व्यक्ति ने मोबाइल बंद कर लिया। काफी देर तक छानबीन के बाद पुलिस लौट गई। जंसा थानाध्यक्ष चंद्रदीप ने बताया कि किसी व्यक्ति ने जंसा थाने पर फोन करके गोली चलने की सूचना दी। पुलिस बताए गए स्थान पर पहुंची। लेकिन सूचना फर्जी निकली। फोन करने वाले नंबर की तस्दीक कराई जा रही है।
कृष्णापुर तिराहे से शुक्रवार की रात पुलिस ने चार पहिया वाहन से तीन संरक्षित पशुओं को बरामद किया। इस दौरान तस्करी के आरोपी को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी निरीक्षक अश्वनी चतुर्वेदी ने बताया कि गिरफ्तार विशाल विश्वकर्मा रहने वाला सोनभद्र के थाना कर्मा गांव का है। आरोपी को जेल भेज दिया गया।