जिलाधिकारी विजय किरन आनंद ने शून्य प्रसव एवं काम न करने वाली 266 आशाओं की सेवा समाप्त कर दी। साथ ही सीएमओ को इनकी जगह नई नियुक्तियां करने निर्देश दिया। उन्होंने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अन्तर्गत ग्रामीण स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समिति के खाते में अवशेष धनराशि को सभी ग्राम प्रधानों को गांव में दवा छिड़काव, फागिंग, जलनिकासी की व्यवस्था, गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने तथा वाल राइटिंग के कार्यों पर व्यय करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी शुक्रवार को रायफल क्लब सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में कार्यों के प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने सीएमआे को शिवपुर में नवनिर्मित पोस्टमार्टम हाउस को एक सप्ताह में चालू कर 24 घंटे पोस्टमार्टम की व्यवस्था का निर्देश दिया। बीएचयू में भी 24 घंटे पोस्टमार्टम की व्यवस्था सुनिश्चित कराने को कहा। हिदायत दी कि किसी भी सरकारी अस्पताल के सामने निजी एवं निजी अस्पतालों के सामने सरकारी एम्बुलेंस खड़ी नही होनी चाहिये।
मदर-चाइल्ड ट्रेकिंग के संबंध में विकास खंडों के सभी सामुदायिक/प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के डीपीएम को अंतिम अवसर देते हुए सौ फीसदी डाटा फीडिंग कराए जाने का निर्देश दिया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पुलकित खरे, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित सभी अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, प्रभारी चिकित्साधिकारी आदि लोग प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।