नीट परीक्षा सॉल्वर गैंग का मास्टर माइंड प्रेम कुमार उर्फ पीके उर्फ नीलेश सिंह की तलाश नार्थ ईस्ट में पुलिस कर रही है। पुलिस को आशंका है कि वह अपने परिवार के साथ कोलकाता या गुवाहाटी में छुपा है। त्रिपुरा की पुलिस से भी कमिश्नरेट पुलिस ने संपर्क साधा है। छपरा बिहार निवासी नीलेश सिंह उर्फ पीके के बारे में कमिश्नरेट पुलिस को काफी अहम जानकारियां मिली हैं। जल्द ही पीके के कुछ और करीबी साथी गिरफ्तार किए जा सकते हैं।
पटना के पाटलिपुत्र कॉलोनी में पीके का चार मंजिला मकान है। महंगी और लग्जरी गाड़ियों के शौकीन पीके अपने आप को कॉलोनी में चिकित्सक बताकर रहता था। बड़े महानगरों में पीके द्वारा फर्जीवाडे़ से पास कराए गए अभ्यर्थियों के बारे में भी पुलिस जानकारी जुटा रही है।
इसके साथ ही त्रिपुरा की रहने वाली अभ्यर्थी हिना विश्वास और दवा व्यवसायी उसके पिता गोपाल विश्वास की गिरफ्तारी को लेकर भी बनारस की पुलिस त्रिपुरा में दबिश दे कर रही है। पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने बताया कि पीके उर्फ नीलेश सिंह के बारे में पुलिस टीम को अहम जानकारियां हाथ लगी है, उसके कुछ करीबियों से भी पूछताछ की जा रही है। पटना और छपरा स्थित मकान पर कोई नहीं है।