एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा मोचन बल) के 11वें स्थापना दिवस पर मंगलवार को सांस्कृतिक संकुल स्थित परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों समेत विभिन्न आयोजन होंगे।
पूर्वांचल के अलग-अलग जिलों में सरकारी स्कूलों में कैंप कर बच्चों को शिक्षित करने का काम तेज किया जाएगा। साथ ही बच्चों को किताबें भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
यह जानकारी एनडीआरएफ की वाराणसी स्थित 11वीं बटालियन के कमांडेंट आलोक कुमार सिंह ने दी। बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में पढ़ने वाले बच्चों को स्तरीय शिक्षा देने के लिए बीएचयू के कुलपति गिरिशचंद्र त्रिपाठी से संपर्क किया गया है।
बीएचयू के प्रबंध शास्त्र समेत अन्य संकायों के छात्रों को अपने साथ जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही एनडीआरएफ के जवान बीएचयू ट्रामा सेंटर समेत जिला, मंडलीय एवं सरकारी अस्पतालों में तैनात रहकर डॉक्टर और कर्मचारियों की मदद करेेंगे। अस्पताल में भीड़ को नियंत्रित करेेंगे।
साथ ही स्वच्छ भारत स्वस्थ भारत अभियान, स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम, बीमारी की रोकथाम एवं नियंत्रण जागरूकता कार्यक्रम, बाल कुपोषण जागरूकता कार्यक्रम में भी एनडीआरएफ अपना योगदान देेगा।