अस्सी घाट पर 251 महिलाओं ने झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। इन महिलाओं को नगर निगम की ओर से झाड़ू, दस्ताना और मास्क मुहैया कराए गए। सभी ने सूर्योदय की पहली किरण के साथ ही सफाई शुरू कर दी।
नवरात्र के छठवें दिन रविवार की सुबह अमर उजाला की ओर से आयोजित स्वच्छता अभियान में शामिल 251 महिलाओं ने मिलकर अस्सी घाट को चमकाया। मुख्य अतिथि नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाई। महिलाओं के साथ मिलकर नगर आयुक्त ने भी झाड़ू लगाकर घाट की सफाई की।
विज्ञापन
घाट पर सुबह पांच बजे से महिलाओं के आने का क्रम शुरू हो गया था। इन महिलाओं को नगर निगम की ओर से झाड़ू, दस्ताना और मास्क मुहैया कराए गए। सभी ने सूर्योदय की पहली किरण के साथ ही सफाई शुरू कर दी। तकरीबन दो घंटे तक झाड़ू लगाकर कूड़े को एक जगह एकत्र किया गया। बाद में कूड़े को उठाकर अस्सी घाट की सीढि़यों से ऊपर लाया गया। यहां खड़ी कूड़ा गाड़ी में रखकर करसड़ा के कूड़ा निस्तारण केंद्र भेजा गया।
विज्ञापन
इस अवसर पर अमर उजाला की टीम के साथ ही अपर नगर आयुक्त सविता यादव, सुबह ए बनारस के डॉ रत्नेश वर्मा, नमामि गंगे के संयोजक राजेश शुक्ला, नगर निगम के नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ एसके चौधरी, मुख्य सफाई निरीक्षक आनंद कुमार, अर्चना विश्वकर्मा, सहायक अभियन्ता कपिश बुधेलिया, जनसम्पर्क अधिकारी संदीप श्रीवास्तव मौजूद रहे। रेडियो पार्टनर बिग एफएम रहा। संचालन आरजे अर्जुन ने किया।
स्वच्छ सुंदर काशी की परिकल्पना तभी पूरी होगी जब सभी काशीवासी मिलकर सफाई में सहयोग करें। शहर को साफ रखने की जिम्मेदारी हर किसी है। पान की पीक से डिवाइडरों को गंदा न करें। घाटों को साफ रखना जरूरी है। इससे काशी की प्रतिष्ठा जुड़ी है। -अक्षत वर्मा, नगर आयुक्त
नगर निगम के सफाई अभियान में नगरवासी सहयोग करें। गीला और सूखा कूड़ा अलग करके नगर निगम की टीम को दें। हर कोई सफाई अभियान से जुड़े। अपने इलाके में श्रमदान भी करे। -सविता यादव, अपर नगर आयुक्त