Varanasi Crime News: वाराणसी जिले में एक पत्नी ने अपने पति और ससुरालियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा और भरण-पोषण का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि उसे मारपीट कर घर से निकाला गया है।
वाराणसी में पक्की बाजार, पहाड़पुर निवासी नेहा खानम ने कैंट थाने में पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। बताया कि उसका निकाह एक नवंबर 2022 को चंदौली के मुगलसराय के मुस्लिम महाल निवासी मोहम्मद आरिफ खान से हुआ था।
विज्ञापन
विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग की जाने लगी। आरोप है कि 27 नवंबर 2022 को मारपीट कर उन्हें घर से निकाल दिया गया, जिसके बाद से वह मायके में रह रही हैं। नेहा ने पति और ससुरालियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा और भरण-पोषण का मुकदमा दायर किया हुआ है। इसी मामले की सुनवाई के लिए वह 8 अगस्त को अदालत पहुंची थी।
उनका कहना है कि जब वह न्यायालय कक्ष के बाहर मुकदमे की पुकार का इंतजार कर रही थीं, तभी पति आरिफ वहां पहुंचा और मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने लगा। इन्कार करने पर उसने तीन बार तलाक कहकर रिश्ता खत्म करने की बात कही, जबकि यह गैरकानूनी है।
नेहा ने यह भी आरोप लगाया कि पति ने चंदौली की एक अन्य युवती से दूसरी शादी कर ली है। कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जो भी दोषी होगा उसपर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। मामले की विवेचना जल्द से जल्द कराई जाएगी।