वाराणसी में पंडाल में मां दुर्गा की पूजा
- फोटो : अमर उजाला
शहर में कई जगहों पर नवरात्र की अष्टमी और नवमी के लिए पंडाल बनाने का काम अंतिम दौर में है। इसमें हथुआ मार्केट, अर्दली बाजार, शिवपुर, मच्छोदरी में पंडाल करीब-करीब बनकर तैयार है। वरुणापार क्षेत्र के अर्दली बाजार में न्यू डी-लाइट क्लब दुर्गा समिति के पूजा पंडाल को इस वर्ष कोयंबटूर के प्रसिद्ध आदियोगी शिव का स्वरूप दिया जा रहा है। कारीगर आदियोगी मंदिर का स्वरूप देने में दिन रात जुटे हैं। इस वर्ष पूजा पंडाल में मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। मां दुर्गा की प्रतिमा भगवान गणेश, कार्तिकेय, लक्ष्मी, सरस्वती गोद में विराजमान होंगी। दर्शनार्थियों को निकास मार्ग पर 12 फीट के हनुमान जी का दर्शन होगा।
बंगाली ड्योढ़ी में मां दुर्गा की पूजा
- फोटो : अमर उजाला
इस बार सनातन धर्म इंटर कॉलेज का पंडाल और प्रतिमा काशी ही नहीं पूरे प्रदेश के लिए आकर्षण का केंद्र होगी। यहां केदारनाथ कॉरिडोर को साकार किया जा रहा और 24 फीट की ऊंची मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। दावा है कि यह प्रतिमा प्रदेश की सबसे ऊंची प्रतिमा होगी। पंडाल में मां दुर्गा का महिषासुर मर्दिनी वाली मुद्रा में स्वचालित प्रदर्शन भी आकर्षण का केंद्र होगा।
शहर के अलग-अलग हिस्सों में पूजा पंडाल को थीम आधारित तैयार किया जा रहा है। कहीं आदित्य एल-1 की झांकी होगी तो कहीं चंद्रयान। कई पंडालों में राम मंदिर के भी दर्शन होंगे।