वाराणसी। लॉकडाउन के कारण चैत्र नवरात्र पर शहर के मंदिर बंद हैं। चैत्र नवरात्र पर भक्त भी मां दुर्गा से दूर हैं। प्रथम नवरात्र से ही भक्तों को मां के दर्शन का अवसर नहीं मिल रहा है। नवरात्र के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को भी मां ब्रह्मचारिणी के मंदिर ब्रह्मा घाट पर सन्नाटा पसरा रहा। चैत्र नवरात्रि के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी का दर्शन पूजन की मान्यता है।
बृहस्पतिवार को मंदिर में पुजारी परिवार ने मां ब्रह्मचारिणी की मंगला आरती संपन्न कराई। इसके बाद विधि विधान से पूजन अर्चन कर देश में सुख समृद्धि और शांति के साथ ही देश में फैले कोरोना वायरस को दूर करने की मां से कामना की। धर्म की नगरी काशी में नवरात्र के दौरान शहर के मंदिर भक्तों से गुलजार रहते थे, लेकिन लॉकडाउन के कारण मंदिरों पर ताला लटक रहा है और श्रद्धालुओं का प्रवेश बंद है।