काशी में नौ सेकंड में 76 नारियल फोड़कर दिव्यांगों का राष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट शुरू होगा। सिगरा स्टेडियम में 9 से 11 अक्तूबर तक यूपी, ओडिशा, बंगाल, बिहार, झारखंड सहित छह टीमें भिड़ेंगीं।
सिगरा स्टेडियम में तीन दिनों में दिव्यांग खिलाड़ियों के हैरतअंगेज क्रिकेट शॉट्स देखने को मिलेंगे। राष्ट्रीय टी-20 दिव्यांगजन क्रिकेट प्रतियोगिता नौ से 11 अक्तूबर तक होगी। सिगरा स्टेडियम में यूपी, ओडिशा, बंगाल, बिहार, झारखंड सहित छह टीमें और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी होंगे।
विज्ञापन
इस बार की खासियत ये होगी कि उद्घाटन पर बहराइच निवासी धर्मेंद्र नौ सेकंड में 76 नारियल फोड़कर विश्व रिकॉर्ड बनाएंगे। सोमवार को सिगरा के रघुकुल भवन में समिति के अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह ने बताया कि ज्यादा से ज्यादा दर्शकों को मैदान तक खींचकर लाना है। दिव्यांगों की प्रतिभा तो हैरान करती है, लेकिन दर्शक नहीं मिलते जैसे मिलने चाहिए।
सेवा संकल्प माह में पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र में आयोजन ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन और भारतीय जनता पार्टी दिव्यांग प्रकोष्ठ की ओर से किया जा रहा है। महासचिव संजय चौरसिया ने बताया कि सभी छह टीमें प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए 8 अक्तूबर को काशी पहुंचेंगी। ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. उत्तम ओझा ने कहा कि प्रतियोगिता दिव्यांग खिलाड़ियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और सहभागिता को मंच देगी।