डॉक्टर्स डे पर आज इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) वाराणसी शाखा, इंडियन डेंटल एसोसिएशन (आईडीए) और अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से विशेष पहल की गई है। शहर में कई अस्पतालों में मरीजों को निशुल्क परामर्श और जांच कराने की सुविधा दी जा रही है। सुबह 8 से शाम पांच बजे तक अलग-अलग समय पर चिकित्सक मरीजों को परामर्श के साथ ही जरूरी जांच भी बिना किसी खर्च के करेंगे।
आईएमए वाराणसी शाखा के सचिव डॉ. आरएन सिंह ने बताया कि चिकित्सकों के हितों की रक्षा के साथ ही आईएमए की ओर से सामाजिक उत्तरदायित्वों का भी निर्वहन किया जाता है। सदस्यों से अपील की गई है कि वह लोगों को एक निश्चित समय तक निशुल्क परामर्श दें। ताकि अधिक से अधिक लोगों को सेवाओं का लाभ मिल सके।
आईडीए के सचिव डॉ. अमर अनुपम ने बताया कि मरीजों की बेहतर सेवा करना हम सभी का कर्तव्य है। ऐसे में डॉक्टर्स डे को खास बनाने के उद्देश्य से दंत चिकित्सा से जुड़े परामर्श निशुल्क दिए जाएंगे। निशुल्क परामर्श के लिए अमर उजाला अखबर में छपी कूपन को साथ लेकर जाना होगा।