नाटी इमली में भरत मिलाप
- फोटो : संवाद
हो रही है गर्व की अनुभूति : पीएम
देश के प्रधानमंत्री और काशी के सांसद नरेंद्र मोदी ने भी अपने एक्स अकाउंट पर विश्व प्रसिद्ध भरत मिलाप की कुछ तस्वीरें शेयर की हैं। उन्होंने एक्स पर इन तस्वीरों को शेयर करते हुए लिखा कि काशी में लक्खा मेला के तहत होने वाला भरत मिलाप भारत की सनातन संस्कृति का अभिन्न हिस्सा रहा है। पिछली करीब पांच सदियों से चली आ रही इस प्रस्तुति ने एक बार फिर प्रभु श्रीराम के भक्तों को भावविभोर कर दिया। काशी के सांसद होने के नाते मुझे इस परंपरा को लेकर विशेष गर्व की अनुभूति हो रही है।
सीएम ने किया पोस्ट, काशी का दृश्य भाव विभाेर करने वाला
प्रधानमंत्री के एक्स अकाउंट पर लिखी पोस्ट को रिपोस्ट करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी लिखा कि काशी की इस समृद्ध परंपरा में सनातन चेतना की जीवंत अभिव्यक्ति होती है। दशकों से काशी की भरत मिलाप लीला रामराज्य के मूल्यों और आदर्शों को व्यापकता प्रदान कर रही है। राममय हुई बाबा श्री विश्वनाथ जी की नगरी काशी का यह विहंगम दृश्य भाव-विभोर करने वाला है।
दोपहर से ही पहुंचने लगे थे श्रद्धालु
काशी के लक्खा मेले में शुमार श्रीचित्रकूट रामलीला समिति के ऐतिहासिक भरत मिलाप को देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ दोपहर 12:00 बजे से ही मैदान में उमड़ने लगी थी। चार बजते-बजते नाटी इमली मैदान श्रद्धालुओं से खचाखच भर गया।