प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दो दिवसीय दौरे पर अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी आ रहे हैं। प्रशासन ने पीएम मोदी के दो दिवसीय प्रवास की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया हैं।
प्रधानमंत्री के आगमन से लेकर रात्रि विश्राम और उससे पहले के कार्यक्रम, रुट और अन्य व्यवस्थाओं को तय कर दिया गया है। प्रधानमंत्री का विस्तृत कार्यक्रम मिलने के बाद प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। डीएम सुरेंद्र सिंह ने अलग अलग विभागों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौँपी दी है।
पीएम मोदी 17 सितंबर की शाम को वाराणसी पहुंचेंगे। इसके बाद वह डीरेका में विश्राम करेंगे। विश्राम के बाद वे रोहनिया क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय नरउर जाएंगे और वहां पर बच्चों के साथ संवाद करेंगे, साथ ही अपना 68 वां जन्मदिन मनाएंगे। वहां से लौटकर डीरेका में कूड़े पर सकरात्मक काम कर रहे बीएचयू और काशी विद्यापीठ के छात्रों से बातचीत करेंगे।
देर रात प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत कर शहर में हुए विकास कार्य और अन्य आयोजनों की तैयारी जानेंगे। पीएम 18 सितंबर को बीएचयू के एंफीथियेटर मैदान में जनसभा को संबोन्धित करेंगे और उससे पहले परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण करेंगे।