काशी विश्वनाथ धाम अंतर्गत सभी भवनों और दुकानों को सहमति के आधार पर खरीदा गया है। इसमें रहने वाले 500 परिवारों को विस्थापित किया गया है। मंदिरों के जीर्णोद्धार एवं सुंदरीकरण का भी कार्य कराया जा रहा है। इन मंदिरों को परियोजना का भाग बनाकर इस क्षेत्र को अद्भुत संकुल का रूप दिया जाएगा।
श्री काशी विश्वनाथ धाम की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार हो गई है। मंदिर के सौंदर्यीकरण और विस्तारीकरण पर 380 करोड़ रुपये खर्च होंगे। मंदिर का प्रवेश द्वार 50 फीट से ज्यादा चौड़ा बनाया जाएगा। गलियारे के दोनों तरफ श्रद्धालु के लिए सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
एक मंदिर चौक का निर्माण भी होगा, जिसके दोनों तरफ विश्रामालय, संग्रहालय, वैदिक केंद्र, वाचनालय, दर्शनार्थी सुविधा केंद्र, व्यावसायिक केंद्र, पुलिस एवं प्रशासनिक भवन, वृद्ध एवं दिव्यांगों के लिए स्केलेटर और मोक्ष भवन इत्यादि निर्मित किए जाएंगे। परियोजना अंतर्गत 330.00 मीटर लंबाई, 50.00 मीटर चौड़ाई और घाट से 30 मीटर ऊंचाई तक निर्माण कराया जाएगा।