पंडित दीनदयाल हस्तकला संकुल जुलाई माह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के प्रस्तावित काशी का दौरे का केंद्र बनेगा।
चार जुलाई को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह यहां पार्टी के सोशल मीडिया और आईटी सेल के कार्यकर्ताओं से मिलेंगे। इसके बाद संगठन के पदाधिकारियों के साथ उनकी बैठक होगी।
जबकि, 14 जुलाई को काशी आने के बाद प्रधानमंत्री यहां लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रमों के साथ ही प्रबुद्धजनों से मुलाकात करेंगे। डीरेका गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम के बाद पीएम 15 जुलाई को राजातालाब स्थित रेलवे के पेरिशिबल कारगो सेंटर के समीप जनसभा कर सकते हैं।
दरअसल, रथयात्रा मेले की शुरुआत 14 जुलाई को होगी। इसी दिन पीएम के आगमन का कार्यक्रम है। ऐसी स्थिति में शहर के अंदर यातायात प्रबंध की मुश्किलों को देखते हुए प्रधानमंत्री का कार्यक्रम हस्तकला संकुल में कराने की तैयारी है। पीएम अपने 13 वें दौरे पर 13 योजनाओं की सौगात देंगे।
दीनदयाल हस्तकला संकुल के अलावा डीरेका मैदान, टाउनहाल, बेनियाबाग मैदान, गंगा पार डोमरी के स्थल को भी देखा जा रहा है। जहां कार्यक्रम कराया जा सकता है। इस पर अंतिम निर्णय पीएमओ से ही होगा।