श्री आदर्श प्राचीन रामलीला समिति की ओर से 26 अक्तूबर को जैतपुरा की प्रसिद्ध नक्कटैया का आयोजन किया जाएगा। इस बार 70 लाग विमान के अलावा मसान की होली खेलते कलाकार आकर्षण के केंद्र होंगे। उक्त बातें आयोजन समिति के अध्यक्ष रामेश्वर प्रसाद गुप्ता ने सोमवार दोपहर काटन मिल भंडारा वाले घर में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहीं।
आयोजन समिति के अध्यक्ष ने बताया कि इस बार कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुए नक्कटैया आयोजित होगी। नक्कटैया का जुलूस पिपलानी कटरा से उठकर कबीरचौरा, लोहिटया, डीएवी, औसानगंज, जैतपुरा होते हुए छोहरा पहुंचकर संपन्न होगा। वहीं, 19 अक्तूबर को शाम छह बजे राम बारात निकलेगी। राम बारात छह मुहानी, ख्वाजापुरा, शंभो माता मंदिर से उठकर बड़ी बाजार, नागकुआं, जैतपुरा, औसानगंज, डीएवी होते हुए दारानगर चौराहे पर पहुंचेगी। जहां भगवान के विवाह की लीला का मंचन होगा। प्रेसवार्ता में रविशंकर मिश्र, प्रियांशु गुप्ता, कोषाध्यक्ष सुभाष पासी, सार्थक जायसवाल, विनित जायसवाल, ओम प्रकाश गौड़, राजेश गौड़, राजेश साहू, दशरथ प्रसाद आदि मौजूद रहे।