दलित उत्पीड़न और मारपीट के मामले में मिली अंतरिम जमानत
रंजिश को लेकर दलित मजदूर को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में आरोपी को कोर्ट से राहत मिल गई। विशेष न्यायाधीश (एससी-एसटी एक्ट) की अदालत ने फूलपुर निवासी आरोपी सितेंद्र यादव को 25-25 हजार रुपये की दो जमानतें और बंधपत्र देने पर अंतरिम जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया।
साथ ही, नियमित जमानत के लिए 18 अप्रैल की तिथि नियत कर दी है। अभियोजन पक्ष के अनुसार, बर्जी रामपुर (जौनपुर) निवासी ज्यूतलाल उर्फ सोनू ने फूलपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप है कि वह 23 फरवरी 2025 को मजदूरी कर अपने घर जा रहा था।
रास्ते में पहलवान बाबा मंदिर के पास जैसे ही पहुंचा, तभी पुरानी रंजिश को लेकर फूलपुर निवासी सितेंद्र यादव ने उसे रोककर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। विरोध करने पर वह उसे पीटने लगा। शोर सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने बीचबचाव किया तो उसकी जान बची। हमलावर उसे जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग गया।
चार मुकदमों के आरोपी पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई
चिरईगांव के सोनई बर्थरा (बर्थरा खुर्द) निवासी संतोष यादव उर्फ बबलू के खिलाफ डीसीपी वरुणा जोन चंद्रकांत मीना के निर्देश पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई की गई है। चौबेपुर थानाध्यक्ष जगदीश कुशवाहा ने बताया कि संतोष के खिलाफ चोरी, मारपीट, गालीगलौज और महिलाओं से अभद्र व्यवहार के आरोप में चार मुकदमे दर्ज हैं।
तीन दिन से किशोर लापता, मुकदमा दर्ज
कछवां रोड के ठटरा गांव के गौतम कुमार ने शनिवार दोपहर मिर्जामुराद थाने में 15 साल के पुत्र गौरव के तीन दिन से लापता होने की तहरीर दी। गौतम कुमार ने पुलिस को बताया कि बुधवार को उनका पुत्र गौरव घर से कहीं चला गया। आसपास के गांव समेत साथ में उठने-बैठने वाले परिचितों से लेकर हर जगह पता लगाया गया, लेकिन कहीं पता नहीं लगा। मिर्जामुराद थाने की पुलिस किशोर के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश में जुट गई है।
बाइक मिस्त्री की नाबालिग बेटी गायब, अपहरण का मुकदमा
आदमपुर थाना क्षेत्र के कोनिया के विजयीपुरा इलाके में रहने वाले एक बाइक मिस्त्री की नाबालिग बेटी घर से लापता हो गई। पिता ने आदमपुर थाने में विकास कन्नौजिया के खिलाफ अपनी बेटी के अपहरण के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस को बताया कि 15 वर्षीय बेटी घर के बाहर थी। उसी दौरान विकास उसे बहला-फुसलाकर साथ ले गया। पुलिस आरोपी युवक और किशोरी की तलाश कर रही है।
पिता की मौत के मामले में ऑटो ड्राइवर के खिलाफ मुकदमा
सरैया निवासी पप्पू यादव ने पिता बहाल यादव (82) की सड़क हादसे में हुई मौत के मामले में ऑटो ड्राइवर के खिलाफ जैतपुरा थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पप्पू ने पुलिस को बताया कि 3 अप्रैल को पुराना पुल के पास एक ऑटो करीब 50 फीट गहरी खाई में वरुणा नदी की ओर गिर गया था। हादसे में पिता की मौत हो गई थी। पुलिस ने ऑटो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
मारपीट के मामले में चार पर मुकदमा
कोनिया निवासी विजय यादव को मारपीट कर घायल करने के मामले में चार लोगों के खिलाफ आदमपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। विजय यादव ने बताया कि उसे होली के त्योहार के दौरान कोनिया के काशीराज, संजय, अर्जुन और सुमेर ने लाठी-डंडे और पत्थर से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। अस्पताल से घर आने के बाद विजय यादव ने पुलिस को तहरीर दी।
पूर्व पार्षद के पति और पुत्र के खिलाफ मारपीट का केस
सारनाथ के घुरहूपुर इलाके में शुक्रवार रात रंजिश को लेकर पूर्व पार्षद के पति और पुत्र ने एक व्यक्ति की जमकर पिटाई कर दी। पीड़ित की तहरीर पर सारनाथ थाने की पुलिस ने पिता और पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पूर्व पार्षद के पति को गिरफ्तार कर पुलिस ने शनिवार को चालान कर दिया। घुरहूपुर निवासी सिकंदर ने बताया कि घुरहूपुर की पूर्व पार्षद मीरा देवी के पति सुरेंद्र राजभर और उसके बेटे विकास ने उसकी पिटाई कर लहूलुहान कर दिया।
पीड़ित की तहरीर पर सारनाथ थाने की पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर सुरेंद्र राजभर को गिरफ्तार कर लिया। विकास की तलाश जारी है। इसके पहले विकास ने मंगलवार को सारनाथ में संग्रहालय के सामने ट्वॉय कार के किराये के विवाद को लेकर घुरहूपुर के विशाल की पिटाई की थी। विशाल की तहरीर पर विकास के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज किया गया था।
घाट किनारे शव मिला, पहुंची पुलिस
हनुमान घाट के किनारे शुक्रवार देर रात एक युवक का शव मिला। लोगों की सूचना पर भेलूपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस युवक की पहचान नहीं करा सकी। युवक की उम्र लगभग 50 साल है। लोगों ने बताया कि वह इलाके में घूमकर भिक्षाटन कर खाता था।
दालमंडी में अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर चौक थानाध्यक्ष को लगाई फटकार
पैदल गश्त पर निकले पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शनिवार को दालमंडी में अवैध पार्किंग और अतिक्रमण देख कर नाराजगी जताई। उन्होंने चौक थानाध्यक्ष विमल कुमार मिश्रा को फटकार लगाते हुए अवैध पार्किंग और अतिक्रमण हटवाने के लिए कहा। दोबारा अवैध पार्किंग और अतिक्रमण दिखने पर निलंबन की चेतावनी दी।
पुलिस आयुक्त ने रामापुरा, गोदौलिया, दालमंडी, नई सड़क और दशाश्वमेध इलाके में पैदल गश्त की। उन्होंने काशी जोन के पुलिस अफसरों से कहा कि खुद भ्रमणशील रहें और पुलिसकर्मियों के ड्यूटी पॉइंट्स को चेक करें। किसी भी आपात स्थिति में यूपी-112 की पीआरवी की अतिरिक्त ड्यूटी लगाई जाए।
संवेदनशील स्थानों की निगरानी और भीड़ प्रबंधन के लिए ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल करें। विश्वनाथ धाम के समीप पुलिसकर्मियों से उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं से दुर्व्यवहार की शिकायत न आने पाए। इस दौरान डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल और एडीसीपी काशी जोन सरवणन टी के साथ ही संबंधित क्षेत्र के एसीपी और थानाध्यक्ष मौजूद रहे।
51 किलो प्लास्टिक जब्त
नगर निगम टीम ने शनिवार को रामनगर कोदोपुर, मंडुवाडीह, सुंदरपुर, लंका तक प्लास्टिक के खिलाफ अभियान चलाया। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने बताया कि दुकानों से 51 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक को जब्त किया गया और 7900 रुपये जुर्माना भी वसूल किया गया। दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि प्रतिबंधित प्लास्टिक का प्रयोग न करें, आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
गांवों में निगरानी के लिए सीसी कैमरे लगे
काशी विद्यापीठ ब्लाॅक के गांवों में आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों की गतिविधियों की निगरानी के लिए सीडीओ के निर्देश पर टिकरी, तारापुर, रमना, नैपुरा कलां, नरोत्तमपुर और सरायडंगरी गांव में 48 सीसी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों में वाॅइस रिकार्डिंग के साथ ही 200 मीटर दूरी तक का दृश्य आसानी से रिकॉर्ड होगा। एक कैमरे में तकरीबन 24 हजार रुपये खर्च हुए हैं। फुटेज देखने के लिए गांवों में एक-एक कंट्रोल रूम भी बनाए गए हैं।
झोपड़ी जलाने के विवाद में मारपीट, चार घायल
चोलापुर थाना क्षेत्र के दुल्लहपुर ग्राम पंचायत में झोपड़ी जलाने के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई। तीन लोगों को चोट लगी है। चोलापुर थाने की पुलिस दोनों पक्ष को थाने ले गई। दुल्लहपुर के बुल्लू सरोज ने बताया कि झोपड़ी को तीन दिन पहले रात में जलाया गया। बुल्लू सरोज ने विकास सरोज पर झोपड़ी जलाने का आरोप लगाया।
तीन दिन बाद दोनों पक्ष के बीच शनिवार दोपहर मारपीट हुई। मारपीट में गीता देवी, बल्लू सरोज, नींबू सरोज और विकास सरोज को चोट लगी है। चोलापुर थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच रंजिश के चलते मारपीट हुई है। दोनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
दुकान के विवाद में मारपीट
कैंट सिकरौल निवासी मोहम्मद हफीज की तहरीर पर कैंट पुलिस ने 4 लोगों पर मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है। हफीज ने तहरीर में बताया कि वह मैंगो जूस की दुकान लगाता है। शुक्रवार को सरोज, सुनील, सोनू व संतोष ने दुकान हटाने के लिए कहा। विरोध करने पर पिटाई की।
भीषमपुर प्रधान तेलंगाना एक्सपोजर विजिट के लिए चयनित
आदर्श ग्राम सभा भीषमपुर के प्रधान और वाराणसी जिला ग्राम प्रधान संगठन के अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह को भारत सरकार ने तेलंगाना राज्य में 6 से 12 अप्रैल 2025 तक आयोजित सात दिवसीय एक्सपोजर विजिट करने वाली टीम के लिए चयनित किया है। ग्राम प्रधान को फ्लाइट के माध्यम से तेलंगाना भेजा जाएगा। इस यात्रा का उद्देश्य ग्रामीण विकास की आधुनिक तकनीकों और नीतियों का अध्ययन कर उन्हें ग्रामों में लागू करना है।
दालमंडी में चौड़ीकरण के लिए नापजोख तेज
दालमंडी में सड़क चौड़ीकरण के लिए नापजोख तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को बैठक में चौड़ीकरण का काम जल्द कराने काो कहा था। शनिवार को पीडब्लयूडी और नगर निगम की टीम ने दालमंडी के मुसाफिर खाने के आसपास चिन्ह लगाने का काम किया। यहां 21-21 फीट तक निशान लगाए गए हैं। टीम ने बताया कि अभी नापजोख का काम चल रहा है।
काशी पहुंचे जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा सपरिवार शनिवार की दोपहर निजी विमान से बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे। पत्नी, बेटे-बहू के साथ वह सड़क मार्ग से भेलूपुर स्थित अपने परिचित के यहां शोक जताने पहुंचे। सांत्वना जताने के बाद वह अपराह्न 3.30 बजे एयरपोर्ट से गंतव्य को रवाना हुए।
भाजपा नेता ने बांटे दो हजार झंडे
ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रवि शंकर सिंह के भानपुर आवास पर पिंडरा ब्लॉक के 95 बूथ के कार्यकर्ताओं और शक्ति केंद्र के सदस्यों को दो हजार झंडों का वितरण किया। भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर सिंह ने कहा कि भाजपा सबका साथ सबका विकास के तर्ज पर कार्य कर रही है। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख धर्मेंद्र विश्वकर्मा, मनीष पाठक, सुनील दत्त वर्मा, विकास सिंह विक्की, प्रमोद सिंह, धर्मेंद्र सिंह देव मौजूद रहे।
कन्याओं के पूजन के साथ संपन्न हुआ नवरात्र पूजन
वासंतिक नवरात्र में गौरी व शक्ति के नौ स्वरूपों का भव्य शृंगार करते हुए लोगों के सेवार्थ श्रीश्री गीता सोसाइटी आश्रम की ओर से सेवा कार्य किया गया। श्रीश्री गीता सोसायटी ओर से हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी वासंतिक नवरात्र में रमना स्थित आश्रम में प्रथम दिन से ही मां की आराधना प्रारंभ करते हुए मां का विभिन्न स्वरूपों में शृंगार किया गया। अष्टमी के दिन कन्या पूजन हुआ। मां वृंदाप्राणा ने बताया कि नर सेवा नारायण सेवा के तहत आश्रम की ओर से वर्ष पर्यंत लोगों के सेवार्थ कार्य किया जाता है।
किसानों ने किया सपा सांसद का स्वागत
संसद सत्र खत्म होने के बाद शनिवार को किसानों ने संयुक्त किसान मोर्चे के बैनर तले सांसद प्रिया सरोज का स्वागत किया। किसान काशी द्वार योजना का विरोध कर रहे थे और सांसद ने भी इस मुद्दे को संसद में उठाया था। इस दौरान सपा विधायक तूफानी सरोज, किसान मोर्चा के अध्यक्ष फतेह नारायण सिंह, संतोष पटेल, मनोज पटेल, राजेश वर्मा, शहाबुद्दीन खान, नरेश पटेल मौजूद रहे।
सिगरा स्टेडियम : बैडमिंटन में 500 खिलाड़ी पहुंचे ट्रायल में
सिगरा के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में बैडमिंटन का प्रशिक्षण लेने के लिए खिलाड़ियों का ट्रायल शनिवार को इंडोर हॉल में हुआ। पहले दिन 500 युवा स्टेडियम में ट्रायल देने पहुंचे थे। पहले दिन 93 खिलाड़ी चयनित हुए। कोच श्याम धर दूबे ने बताया कि बालिका वर्ग में 9 से 11, 12 से 14 और 14 से 18 आयुवर्ग में 50 का चयन हुआ है।
बालक वर्ग के इसी भार वर्ग में 43 खिलाड़ियों का चयन हुआ है। स्टेडियम में प्रशिक्षण के दो सत्र सुबह 6 से 9.30 और शाम को 3 से 6.30 तक होंगे। दूसरे चरण का ट्रायल 15 दिन बाद होगा। 9-12 आयुवर्ग के खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी जाएगी। इस मौके पर कनाई चंद तालपात्रा, पूजा यादव, अतुल शाही, जितेंद्र शर्मा और आनंद पाडेय मौजूद रहे।
सिगरा स्टेडियम के इंडोर हॉल में जम्नाटिक्स प्रशिक्षण के लिए नए सत्र में प्रवेश शुरू हो गया है। शनिवार को 69 खिलाड़ियों ने फॉर्म खरीदे। कोच अतुल शाही ने बताया कि युवा खेल को लेकर जागरूक हैं। खिलाड़ियों का चयन ट्रायल के आधार पर किया जाएगा।
आज से बेलगावी-मऊ स्पेशल ट्रेन का संचालन
07327/07328 बेलगावी-मऊ ग्रीष्मकालीन एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन का संचालन 6 अप्रैल से 11 मई तक होगा। सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि 07327 बेलगावी से रविवार की सुबह 11.30 बजे खुलेगी और मंगलवार सुबह 6.20 बजे वाराणसी कैंट होकर सुबह 10.30 बजे मऊ पहुंचेगी।
यात्रा के दौरान धारवाड़, हुबली जंक्शन, बदामी, बागलकोट, आलमट्टि, विजयपुर, शोलापुर जंक्शन, कुर्दुवाड़ी, दौंड जं, अहमदनगर, कोपरगांव, मनमाड़ जंक्शन, जलगांव जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर, जौनपुर, शाहगंज आजमगढ़ में ठहराव रहेगा। 07328 मऊ से बेलगावी के लिए बुधवार को रात 8 बजे मऊ से खुलेगी।
नवदुर्गा चित्रकला प्रदर्शनी में दिखा शक्ति और कला का संगम
चैत्र नवरात्र पर एक फाउंडेशन ने कला और आध्यात्मिकता के अनूठे संगम नवदुर्गा चित्रकला प्रदर्शनी का आयोजन किया। संकट मोचन के भोगाबीर स्थित कला आलयम में शनिवार को सामूहिक चित्रकला प्रदर्शनी में नौ महिला चित्रकारों ने मां दुर्गा के नौ स्वरूपों को अपनी कला के माध्यम से जीवंत किया।
प्रदर्शनी का उद्घाटन चित्रकार प्रो. एस प्रणाम सिंह ने किया। इस अवसर पर कला आलयम के निदेशक और भारत कला भवन के सेवानिवृत्त कलाविद डॉ. राधाकृष्णन गणेशन तथा फाउंडेशन की संस्थापक डॉ. नेहा सिंह भी उपस्थित रहीं।
केंद्रीय कारागार में मां भगवती की उपासना और रामधुन हरि कीर्तन का आयोजन
शिवपुर केंद्रीय कारागार में मां भगवती की उपासना का त्योहार नवरात्र धूमधाम से मनाया जा रहा है। कारागार में मां भगवती की प्रतिमा स्थापित की गई है। उसकी अखंड ज्योति से कारागार का वातावरण भक्तिमय हो गया है।
मां भगवती की आरती और पूजन प्रतिदिन वरिष्ठ जेल अधीक्षक राधाकृष्ण मिश्र के द्वारा संपन्न कराया जाता है। कारागार में निरुद्ध कैदियों द्वारा प्रतिदिन पूरे श्रद्धा से उपवास रखकर मां भगवती का पूजन और संगीतमय आरती गाई जाती है। पूजा-पाठ में वरिष्ठ जेल अधीक्षक राधाकृष्ण मिश्र, कारापाल अखिलेश कुमार, उप कारापाल अखिलेश कुमार मिश्र और अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
भारत की शिक्षा प्रणाली और सांस्कृतिक विरासत पर व्याख्यान
आर्य महिला पीजी कॉलेज और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को भारत की शिक्षा प्रणाली और सांस्कृतिक विरासत पर एक दिवसीय व्याख्यान हुआ। कॉलेज की प्राचार्य डॉ. रचना दुबे ने कहा कि संस्कृति या विरासत के बिना शिक्षा अधूरी है। उन्होंने सांस्कृतिक विरासत से फिर से जुड़ने की आवश्यकता पर बल दिया।
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के क्षेत्रीय निदेशक डाॅ. अभिजीत दीक्षित ने कहा कि संस्कृति और शिक्षा का आपस में गहरा संबंध है। संस्कृति मूल्यों और पहचान को आकार देती है और शिक्षा इन पहलुओं की सराहना करने में मदद करती है। प्रो. अलका सिंह ने पारंपरिक गुरुकुल परंपरा और आधुनिक शिक्षा की तुलना की। इस दौरान प्रो. पीएन सिंह, डॉ. रजनीकांत सिंह, डॉ. कौशलेंद्र सिंह मौजूद रहे।
हमें करनी होगी समता आधारित समाज की स्थापना
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के राजनीति विज्ञान विभाग में शनिवार को अंडरस्टेडिंग जेंडर विषय पर विशेष व्याख्यान हुआ। मुख्य वक्ता प्रो. संजय ने कहा कि हम पुरुष या महिला अपने जैविक आधारों पर हैं, किंतु हमारे व्यवहार व व्यक्तित्व ही हमारे लिंग का प्रदर्शन करते हैं।
आज हम पुरुष प्रधान समाज में हैं, जिसमें महिलाओं को समान अधिकार प्राप्त नहीं है, हमें इसमें सुधार के लिए प्रयास करना होगा। इसका यह अर्थ नहीं कि हम महिला प्रधान समाज की स्थापना करें।
हमें समता आधारित समाज की स्थापना करनी है, जहां पुरुष और महिला को समान अधिकार मिले। स्वागत विभागाध्यक्ष प्रो. मोहम्मद आरिफ ने किया। संचालन डॉ. पीयूष मणि त्रिपाठी और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. जयदेव पांडेय ने किया। इस अवसर पर प्रो. सूर्यभान प्रसाद, डॉ. विजय कुमार, डॉ. रवि प्रकाश सिंह, डॉ. मिथिलेश कुमार गौतम, डॉ. ज्योति सिंह मौजूद रहे।
मंचकला विभाग में शोध में प्रवेश हेतु साक्षात्कार 12 अप्रैल को
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के मंचकला विभाग में शोध में प्रवेश के लिए साक्षात्कार एवं पॉवर प्वाइंट प्रस्तुतिकरण 12 अप्रैल को होगा। विभागाध्यक्ष डॉ. संगीता घोष ने बताया कि इसके लिए अभ्यर्थियों को अपने सभी शैक्षणिक अभिलेखों की मूल प्रति एवं शोध प्रस्ताव (हार्ड एवं सॉफ्ट कॉपी सहित) के साथ मंचकला विभाग में पूर्वाह्न 11 बजे उपस्थित होना अनिवार्य है।
डीएलएड द्वितीय सेमेस्टर परीक्षा में अंतिम दिन 137 विद्यार्थी रहे अनुपस्थित
जिले में डीएलएड द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा शनिवार को समाप्त हो गई। अंतिम दिन हिंदी और अंग्रेजी की परीक्षा हुई, जिसमें कुल 137 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। 2115 पंजीकृत विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के प्राचार्य उमेश कुमार शुक्ला ने बताया कि द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा के तीसरे और अंतिम दिन सात परीक्षा केंद्रों पर हिंदी और अंग्रेजी विषयों की परीक्षाएं हुईं। परीक्षा के लिए 2252 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था।
प्राचार्य ने बताया कि द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा संपन्न होने के बाद अब चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाएं सात से नौ अप्रैल तक होंगी। चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाओं के लिए जिले में तीन केंद्र बनाए गए हैं। रानी मुरारका बालिका इंटर कॉलेज भोजूबीर, कमला पति त्रिपाठी बालिका इंटर कॉलेज कैंट और राधा किशोरी बालिका इंटर कॉलेज रामनगर शामिल हैं। इन केंद्रों पर चतुर्थ सेमेस्टर के पंजीकृत विद्यार्थी अपनी परीक्षाएं देंगे।
रजत मुकुट के साथ निकली हनुमान ध्वजा प्रभात फेरी
श्री हनुमान ध्वजा प्रभात फेरी समिति की ओर से 15 दिवसीय हनुमान ध्वजा प्रभात फेरी शनिवार को निकली। शनिवार को धर्म संघ में क्षेत्रपालेश्वर महादेव मंदिर में मुख्य अतिथि डॉ. शशिकांत दीक्षित एवं नामित पारीक ने ज्योति जलाकर संकट मोचन जी के विग्रह का पूजन अर्चन किया। इसके बाद ध्वजा देकर यात्रा की शुरूआत की।
शनिवार को हनुमान ध्वजा यात्रा रविंद्र पुरी, दुर्गाकुंड, त्रिदेव मंदिर होते हुए संकट मोचन मंदिर पहुंची। प्रभु के चरणों में ध्वजा अर्पण करने के बाद सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ हुआ। प्रभु की आरती उतारकर प्रसाद का भोग लगा। संयोजन विश्वनाथ पोद्दार, सुरेश तुलस्यान, विश्वनाथ पोद्दार, अरविंद जैन, मनीष गिनोडिया, महेश चौधरी ने किया।
मां काली के दरबार में आज से होगा आराधना महोत्सव
लक्ष्मीकुंड स्थित प्राचीन कालीमठ में चैत्र नवरात्र पर मां काली के दरबार में दो दिवसीय आराधना महोत्सव मनाया जाएगा। इसकी शुरुआत छह अप्रैल को नवमी तिथि पर भव्य शृंगार हवन, कन्या पूजन और भंडारे से होगी। मंदिर के महंत पं. ठाकुर प्रसाद दुबे ने बताया कि दशमी तिथि सात अप्रैल को मां काली का भव्य शृंगार किया जाएगा। दंडी संन्यासियों को भंडारा भोग का प्रसाद परोसा जाएगा और सायंकाल भव्य भक्ति संगीत के अंतर्गत गायन, वादन और नृत्य का कार्यक्रम किया जाएगा।
वन विभाग रेंज के सारे मंदिरों में करेगा हरियाली का इंतजाम
चैत्र नवरात्र की अष्टमी पर शिवालयों में स्वच्छता अभियान चलाया गया। सृजन सामाजिक विकास न्यास के अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह के संयाेजन में मुंडेश्वर महादेव एवं शूलटंकेश्वर महादेव के प्रांगण में स्वच्छता अभियान चलाकर पौधे लगाए गए। इसके साथ ही दर्शनार्थियों के लिए प्याऊ का इंतजाम कराया गया।
मुख्य अतिथि 95 बटालियन सीआरपीएफ के कमांडेंट राजेश्वर बालापुरकर थे। उन्होंने कहा कि हमें गांव-गांव में भी स्वच्छता एवं हरियाली के लिए जागरूक करना है। विशिष्ट अतिथि वन विभाग के रेन्ज आफिसर दिवाकर दूबे ने कहा हम अपने रेंज के सारे मंदिरों में सृजन संस्था के साथ मिलकर हरियाली का इंतजाम करेंगे। इस दौरान बटालियन के प्रवीण सिंह, राजन पटेल, विवेक पांडेय, सतीश पटेल, कमलेश साहनी, आत्मा राम मौजूद रहे।
मानवीय मूल्यों के रक्षक थे बाबू जगजीवन राम
दी रविदास स्मारक समिति की ओर से पूर्व उप प्रधानमंत्री स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बाबू जगजीवन राम की 118वीं जयंती रविदास मंदिर राजघाट में श्रद्धा पूर्वक मनाई गई। शनिवार को लोगों ने समतामूलक समाज के संवाहक जगजीवन राम की प्रतिमा पर पुरुष अर्पित कर उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
बाबू जगजीवन राम का व्यक्तित्व कृतित्व विषयक संगोष्ठी में साहित्यकार डॉ. जयशंकर जय ने कहा कि बाबू जगजीवन राम राष्ट्र निर्माण के कुशल शिल्पी थे। राष्ट्रीय एकता, अखंडता और समानता का ताना-बाना जीवन भर मजबूत करते रहे। मुख्य अतिथि महंत रामेश्वर दास ने कहा संत रविदास के सच्चे अनुयायी मानवीय मूल्यों के रक्षक थे जगजीवन राम।
विशिष्ट अतिथि प्रमोद पांडेय ने कहा कि जगजीवन राम सामाजिक न्याय से प्रभावित थे। वे शोषित, वंचित और सर्वहारा समाज की लड़ाई जीवन भर लड़ते रहे। संगोष्ठी के अध्यक्ष आचार्य महंत डॉ. भारत भूषण दास ने कहा वह सच्चे देशभक्त स्वतंत्रता सेनानी एवं समाजसेवी थे उनको कभी भुलाया नहीं जा सकता। संगोष्ठी को पार्षद अमरदेव यादव, पार्षद बबलू शाह, पार्षद हाजी ओकास अंसारी, गोरखनाथ, अनुराग त्रिवेदी ने संबोधित किया।
दुर्गा स्वरूपा कन्याएं बोलीं, सिंगल यूज पॉलिथीन का न करें इस्तेमाल
नवरात्र की अष्टमी तिथि पर कुमारी पूजन में श्रद्धा के साथ सामाजिक सरोकार का संदेश नजर आया। शनिवार को नमामि गंगे ने दुर्गा स्वरूपा नौ कन्याओं को कपड़े के झोले उपहार में दिए। कन्याओं ने हाथों में स्वच्छता स्लोगन लिखी तख्तियां, कपड़े के झोले लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कन्याओं ने सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने का आग्रह किया। प्रकृति प्रेम की शिक्षा दे रहीं कन्याओं का नमामि गंगे ने पूजन किया। दुर्गा स्वरूपा नौ कन्याओं का पूजन कर गंगा प्रदूषण व प्लास्टिक से मुक्ति, विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के लिए कामना की गई। इस दौरान आरुषि पांडेय, अक्षरा पांडेय, सृष्टि मिश्रा, अंशिका पांडेय, पूनम शुक्ला, शुभांगी मौजूद रहीं।
कालीमहल से निकलेगा अलम का जुलूस, दारानगर में होगा जलसा
मदीना में बीबी फातिमा और चार इमामों के रौजे को तोड़ने का विरोध जारी है। शनिवार को शिया जामा मस्जिद के प्रवक्ता हाजी फरमान हैदर ने बताया कि 102 साल पहले हिजरी महीने की शव्वाल की आठ तारीख को रौजे तोड़े गए थे। सात अप्रैल को काली महाल मस्जिद से अलम का एहतेजाजी जुलूस अंजुमन हैदरी चौक के जेरे इंतेजाम उठाया जाएगा।
जुलूस नई सड़क, दालमंडी, चौक, मैदागिन, विशेश्वरगंज से होकर शिया जामा मस्जिद दारानगर पहुंचेगा। यहां पर जलसे का आयोजन होगा जिसमें शहर के जाने माने आलिम ए दीन और वक्ता अपने अपने विचार व्यक्त करेंगे। अंजुमन हैदरी के महासचिव शेख नायब रजा ने बताया कि पिछले पांच दिनों से मस्जिद मीर नादे अली चाहमामा दालमंडी में मजलिस का आयोजन हो रहा है।
चैत मास बोले रे कोयलिया...
छावनी परिषद एवं दीपिका कल्चरल सोसायटी ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित साप्ताहिक आयोजन वरुणा संध्या कैंटोनमेंट के नेहरू पार्क में हुआ। वरुणा संध्या में शनिवार को चेतना नागर ने राग रागैश्री में निबद्ध चैती चैत मास बोले रे कोयलिया... से शुरुआत की।
इसके बाद भजन है मां ऊंचा है तेरा मंदिर ऊंचा है तेरा स्थान है मां... अंत में विनती सुनिए नाथ हमारी... प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय कर दिया। आयोजन के मुख्य अतिथि 39 जीटीसी के ब्रिगेडियर अनीर्बान दत्ता ने वरुणा संध्या की सराहना की।
10 अप्रैल से चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान
नगर निगम 10 अप्रैल से विशेष स्वच्छता अभियान चलाएगा। मेयर अशोक कुमार तिवारी ने शनिवार को हर वार्ड के लिए टीम गठित कर दी। वार्डवार जोनल अधिकारी नियुक्त कर दिए गए हैं। अधिकारी निगरानी करेंगे। हर पार्षद को उसके वार्ड में जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।
अग्रसेन कन्या डिग्री कॉलेज के अध्यक्ष बने दीपक अग्रवाल
श्री काशी अग्रवाल समाज के उपसभापति प्रमुख समाजसेवी दीपक अग्रवाल को श्री अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। समाज के सभापति संतोष अग्रवाल और प्रधानमंत्री डॉ. रचना अग्रवाल ने अग्रवाल भवन में आयोजित सभा में उनको यह जिम्मेदारी सौंपी। दीपक अग्रवाल इसके पूर्व श्री काशी अग्रवाल समाज के समाज सेवा मंत्री, मंत्री समाज, श्री अग्रसेन महाजनी महाविद्यालय के प्रबंधक एवं कार्यकारिणी सदस्य रह चुके हैं।
शहर में आज मीट की दुकानें बंद रहेंगी
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने रविवार को रामनवमी के मौके पर नगर निगम की सीमाक्षेत्र में आने वाली सभी मांस-मीट की दुकानों को बंद रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि दुकानें पूर्णता बंद रहेगी। दुकान खुली मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। नवरात्र में नगर निगम ने पहले ही मीट की दुकानों को बंद रखने के निर्देश दिए थे।
सोमवार की साप्ताहिक बंदी जारी रहेगी
सेवापुरी विकासखंड के तक्खू की बावली बाजार में शनिवार को अंजुमन केश कलाकार समिति की बैठक हुई। प्रदेश अध्यक्ष रोशन शर्मा ने कहा कि सोमवार की साप्ताहिक बंदी अनवरत चलती रहेगी। जिसका हम सभी लोगों को पालन करना होगा। साथ ही एक रेट एक प्रदेश का नियम लागू किया जाएगा। जिससे संपूर्ण उत्तर प्रदेश में एक रेट तय होगा।
इस मौके पर बाजार में नए पदाधिकारियों का चयन भी किया गया जिसमें बाजार अध्यक्ष सुभाष शर्मा, उपाध्यक्ष सुरेंद्र मौर्य, कोषाध्यक्ष शिवाजी प्रजापति, महामंत्री बनारसी शर्मा, संरक्षक बच्चन शर्मा, सूचना मंत्री दीपक शर्मा एवं विमलेश मौर्य के साथ ब्लॉक सचिव सेवापुरी की जिम्मेदारी राजीव शर्मा को दी गई। कार्यक्रम का संचालन भरत शर्मा ने किया।
राम का जीवन केवल पूजा का विषय नहीं, अनुकरणीय जीवनशैली है
चैत्र शुक्ल नवमी पर त्रेतायुग में अयोध्या में राजा दशरथ के घर भगवान श्रीराम का जन्म हुआ। यह तिथि रामनवमी के रूप में भारतवर्ष ही नहीं, अपितु विश्व के कई भागों में श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक उत्सव के रूप में मनाई जाती है। परंतु रामनवमी मात्र एक धार्मिक पर्व नहीं है यह भारतीय जीवन-दर्शन का बहुआयामी उत्सव है। इसमें धर्म, संस्कृति, समाज और विज्ञान का समन्वय दिखाई देता है। राम का जीवन केवल पूजा का विषय नहीं, अनुकरणीय जीवनशैली है।
उक्त विचार संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने रामनवमी पर्व की पूर्व संध्या पर व्यक्त किया। प्रो. शर्मा ने कहा कि रामनवमी का सबसे प्रमुख पक्ष भगवान राम के अवतरण का उत्सव है।
वाल्मीकि रामायण, तुलसीकृत रामचरितमानस और अन्य रामकथाओं में उनका जीवन मर्यादा, संयम, धर्म और आदर्श का प्रतीक बताया गया है। रामकथा भारत की सांस्कृतिक आत्मा है। रामनवमी पर देशभर में होने वाली रामलीला, शोभायात्राएं, भजन-कीर्तन, तथा विभिन्न रामकथाएं इस पर्व को एक सांस्कृतिक पर्व बना देती हैं।
84 खिलाड़ियों ने लिया पेनल्टी कॉर्नर और स्कूप का प्रशिक्षण
नए सत्र में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने के लिए शिविर में शनिवार को 84 खिलाड़ी शामिल हुए। परमानंदपुर मिनी स्टेडियम में चल रहे शिविर में हॉकी खिलाड़ियों ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलने का प्रशिक्षण दिया। 15 दिवसीय शिविर में 5 खेलों की 300 खिलाड़ियों ने बारीकियां सीखीं। हॉकी वाराणसी अध्यक्ष के डॉ. एके सिंह ने शिविर शुरू कराया। छठवें दिन हॉकी खिलाड़ियों को स्कूप, फ्लाइंग पास के अलावा पावर बूस्टर का प्रशिक्षण दिया गया।
इसके बाद 60 मिनट का अभ्यास मैच खेला गया। शिविर में हॉकी, हैंडबॉल, रस्सीकूद, खो-खो और एथलेटिक्स का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। डॉ. एके सिंह ने बताया कि रग्बी संघ, हॉकी वाराणसी और जिला हैंडबाल संघ की ओर से शिविर में 16 वर्ष से कम आयु के सब जूनियर, सीनियर बालक-बालिकाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
कैंट स्टेशन पर लगेंगे 14 वाटर कूलर
कैंट स्टेशन पर 14 वाटर कूलर लगाए जाएंगे। सभी प्लेटफार्मों पर एक-एक वाटर कूलर और प्लेटफाॅर्म संख्या एक पर दो वाटर कूलर लगाने की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा वाटर एटीएम से लेकर अन्य पेयजल बूथों को भी दुरूस्त किया जा रहा है।
अधिकतर पेयजल बूथों की साफ-सफाई और खराब टोटियों को बदला जा रहा है। अधिकारियों ने स्थान भी चिह्नित कर लिए हैं।पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि यात्रियों को पानी की कमी नहीं होने दी जाएगी।
राधा किशोरी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में खेल मैदान का उद्घाटन
रामनगर के राधा किशोरी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में शैक्षणिक सत्र का प्रवेश उत्सव मनाया गया। विद्यालय में दो निजी संस्थाओं के सहयोग से नए खेल मैदान का उद्घाटन किया गया। विद्यार्थियों को बास्केटबॉल, वॉलीबॉल और बैडमिंटन के अभ्यास की सुविधा मिलेगी। उद्घाटन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक अवध किशोर सिंह उपस्थित रहे। इस मौके पर प्रधानाचार्या साधना राय, प्रियंका सिन्हा, अनुराग श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
बोर्ड परीक्षा की कॉपियों के मूल्यांकन में सहयोगी शिक्षकों का सम्मान
पीएम श्री राजकीय क्वींस कॉलेज में शनिवार को वीर सम्मान समारोह परीक्षा हुई। बोर्ड परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं को मूल्यांकन केंद्रों तक सुरक्षित पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाने वाले शिक्षकों और परिचारकों को सम्मानित किया गया।
जिला विद्यालय निरीक्षक अवध किशोर सिंह ने कहा कि इन शिक्षकों और परिचारकों ने ट्रक और अन्य वाहनों के माध्यम से दो से तीन दिनों तक यात्रा कर उत्तरपुस्तिकाओं को विभिन्न जिलों तक पहुंचाया। सीमा पर तैनात सैनिकों से तुलना कर कहा कि जिस प्रकार सैनिक देश की सुरक्षा करते हैं, उसी प्रकार इन परीक्षा वीरों ने शिक्षा व्यवस्था को बेहतर किया है।
डीआईओएस ने राजकीय क्वींस कॉलेज के प्रधानाचार्य सुमीत कुमार श्रीवास्तव को बधाई दी। सम्मानित होने वाले शिक्षकों में हिमांशु तिवारी, अवनींद्र सिंह, मिथिलेश पांडेय, मनीष त्रिपाठी, अमित कुमार सिंह, अरविंद शर्मा, श्री राजा प्रमुख रहे। परिचारकों में दीनानाथ, विनय, भरत प्रमुख रहे।
मंचकला विभाग में पीएचडी प्रवेश साक्षात्कार 12 अप्रैल को
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ (एमजीकेवीपी) के मंचकला विभाग में पीएचडी शोध में प्रवेश के लिए साक्षात्कार और पॉवर प्वाइंट प्रस्तुतिकरण की तिथि घोषित कर दी गई है। विभागाध्यक्ष डॉ. संगीता घोष ने बताया कि प्रक्रिया 12 अप्रैल को होगी। सूचित किया कि सभी अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए अपने शैक्षणिक प्रमाणपत्रों की मूल प्रतियां और शोध प्रस्ताव के साथ मंचकला विभाग में सुबह 11 बजे आना है। डॉ. घोष ने कहा कि निर्धारित तिथि और समय पर उपस्थित न होने वाले अभ्यर्थियों पर विचार नहीं किया जाएगा।
मार्कंडेय महादेव मंदिर में अखंड रामायण
रामनवमी के उपलक्ष्य में कैथी स्थित मार्कंडेय महादेव मंदिर में शनिवार को प्रातः 10 बजे अखंड रामचरितमानस का पाठ आरंभ हुआ। इसका समापन रविवार को होगा। इसके बाद भंडारे का आयोजन किया गया है। इस मौके पर रवि प्रताप सिंह, प्रभाकर सिंह, पप्पू गिरी, बजरंगी गिरि, नीलू पांडेय, प्रदीप सिंह मौजूद रहे।
बीएसएनएल देगा 72 घंटे में नया कनेक्शन
बीएसएनएल, उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं देने के लिए अप्रैल महीने को उपभोक्ता सेवा माह के रूप में मना रहा है। महाप्रबंधक अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि नए कनेक्शन को 72 घंटे में शुरू किया जाएगा। मोबाइल नेटवर्क की गुणवत्ता सुधारने के लिए व्यापक ड्राइव टेस्ट किए जाएंगे और नेटवर्क में किसी भी खराबी को तुरंत ठीक किया जाएगा। इसके साथ ही अभियान चलाकर अब तक लंबित सभी समस्याओं का 3 से 7 दिनों में समाधान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि भारत फाइबर के सभी उपभोक्ताओं को आईएफटीवी के माध्यम से 500 से अधिक टीवी चैनल और 8 ओटीटी सेवाएं मुफ्त में प्रदान की जा रही हैं। साथ ही मुफ्त वाईफाई रोमिंग की सुविधा भी शुरू की गई है।
कंपनी जल्द ही पुराने गूगल सर्वर की जगह नया गूगल सर्वर स्थापित करने और फेसबुक सर्वर को अपग्रेड करने की योजना पर काम कर रही है। मोबाइल नेटवर्क के 4जी अपग्रेडेशन के पहले चरण का कार्य 20 अप्रैल तक पूरा होने के बाद, दूसरे चरण का कार्य शुरू किया जाएगा।
स्कूल चलो अभियान की निकाली गई रैली
प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय के बच्चों और समस्त अध्यापक-अध्यापिकाओं के द्वारा स्कूल चलो अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार को ग्राम पंचायत भवानीपुर में चले अभियान में बच्चों ने जागरूकता रैली निकाली। घर-घर जाकर बच्चों का नामांकन किया और उन्हें नियमित रूप से विद्यालय भेजने हेतु प्रेरित किया। खंड शिक्षा अधिकारी शशिकांत श्रीवास्तव ने रैली को हरी झंडी दिखाई।
उन्होंने गांव वालों से आग्रह किया कि 6 से 14 वर्ष तक का कोई भी बच्चा नामांकन से वंचित न रहे। स्कूल चलो अभियान का प्रथम चरण 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक चलेगा। इस अवधि में प्रत्येक ग्राम पंचायत के एक-एक घर का सर्वे कर शत-प्रतिशत छात्रों का नामांकन परिषदीय विद्यालयों में करने का लक्ष्य निर्धारित है। रैली में चंद्रमणि पांडे एवं दोनों विद्यालयों के समस्त अध्यापक उपस्थित रहे।
राणा सांगा पर टिप्पणी के विरोध में फूंका राज्यसभा सांसद का पुतला
वाराणसी। वीर राणा सांगा पर अभद्र टिप्पणी करने पर भाजयुमो पदाधिकारियों ने शनिवार की शाम बाबतपुर चौराहे पर सपा के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन का पुतला फूंका। भाजयुमो महामंत्री किशन सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पुतला जला कर विरोध जताया। इस दौरान अध्यक्ष गौरव सिंह, कठिराव मंडल अध्यक्ष विकास दुबे, कुणाल, गोलू, अभिषेक, प्रशांत, हर्ष आदि रहे।
8 मिनट में कॉलर तक पहुंचे पीआरवी, हर माह होगा सम्मान
यातायात पुलिस लाइन के सभागार में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शनिवार को 112 नंबर पर फोन करने वाले फरियादी के पास अधिकतम 8 मिनट में पीआरवी जरूर पहुंच जाए। देरी होने पर उच्चाधिकारी जांच करें और दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई हो। साथ ही अब हर माह सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन वाली तीन पीआरवी को पीआरवी ऑफ द मंथ का पुरस्कार दिया जाएगा।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि पीआरवी का कॉल रिस्पांस टाइम बेहतर बनाने का प्रयास लगातार करें। फरियादी के साथ पीआरवी के पुलिसकर्मी विनम्रता से पेश आएं। जिन पुलिसकर्मियों के खिलाफ फरियादी का फीडबैक सही नहीं मिलेगा, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पीआरवी ऐसे स्थान पर खड़ी हो कि वह आमजन को दिखाई दे। सभी पुलिसकर्मी आसपास के थाना क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और संवेदनशील स्थानों की जानकारी जरूर रखें। कमिश्नरेट के यूपी-112 के अफसर इमरजेंसी सेवाओं की कार्यप्रणाली की निरंतर समीक्षा करें। इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था एवं मुख्यालय) डॉ. एस चनप्पा, तीनों जोन के डीसीपी व एडीसीपी और यूपी-112 के अफसर व कर्मी मौजूद रहे।
सपाइयों ने मनाई सम्राट अशोक मौर्य, महर्षि कश्यप व निषादराज की जयंती
अर्दली बाजार स्थित सपा कार्यालय पर शनिवार को सपाइयों ने सम्राट अशोक मौर्य, महर्षि कश्यप और निषादराज की जयंती मनाई। इस दौरान एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने कहा कि निषादराज निषादों के राजा का उपनाम है। वे ऋंगवेरपुर (वर्तमान-प्रयागराज) के महाराजा थे, उनका नाम महाराज गुहराज निषादराज था।
सम्राट अशोक ने देश का राजनीतिक एकीकरण किया। जिला प्रवक्ता संतोष यादव बबलू एडवोकेट ने कहा कि सम्राट अशोक ने लोगों को जियो और जीने दो की शिक्षा दी। मुनिराज कश्यप महान परोपकारी और प्रजा पालक थे और उन्होंने समाज को एक नई दिशा देने के लिए स्मृति ग्रंथ और कश्यप संहिता जैसे महान ग्रंथों की रचना की। इस दौरान दिलशाद अहमद, दीपचंद गुप्ता, इम्तियाज फारूखी, प्रिंस और विनोद शुक्ला मौजूद रहे।
आधार संवाद से अपना घर को आया निमंत्रण
8 अप्रैल को मंडपम कन्वेंशन सेंटर नई दिल्ली में आधार संवाद के कार्यक्रम में जिले के अपना घर आश्रम को भी निमंत्रण मिला है। संस्था के संरक्षक डॉ. के निरंजन ने बताया कि पिछले महीने आधार की सहायता से 108 लोगों को आश्रम से उनके घर पहुंचाया गया। समय-समय पर आश्रम में आधार कैंप लगाकर लोगों का आधार कार्ड बनाया जाता है। इसे देखते हुए कार्यक्रम का निमंत्रण मिला है।
वार्षिक कला प्रदर्शनी एवं कला मेला 06 अप्रैल से
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के ललित कला विभाग में तीन दिवसीय वार्षिक कला प्रदर्शनी एवं कला मेला-25 का उद्घाटन 06 अप्रैल को होगा। विभागाध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि शाम 04 बजे कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी उद्घाटन करेंगे। मेला 08 अप्रैल तक चलेगा।
एंबीशन स्कूल में मनाया गया ग्रेजुएशन डे समारोह
एंबीशन स्कूलों में शनिवार को ग्रेजुएशन डे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। छात्रों को प्रमाणपत्र वितरित किया गया। निर्देशक विवेक मिश्रा और प्रधानाचार्य डॉ. अंजू दुबे ने भाषण दिए। कार्यक्रम की शुरुआत छोटे-छोटे कैप और गाउन पहने मनमोहक स्नातकों के आकर्षक जुलूस के साथ हुई।
समारोह में बच्चों ने अपनी प्रतिभा और उत्साह को प्रदर्शित किया। कार्यक्रम एक मार्मिक बदलाव के रूप में कार्य करता है, जो एक यात्रा के अंत और दूसरी की शुरुआत को दर्शाता है। जो उत्साह और अनंत संभावनाओं से भरा हुआ है।
जीवनदीप समूह की वाइस चेयरमैन को मातृशोक
बड़ालालपुर के जीवनदीप शिक्षण समूह की वाइस चेयरमैन व पूर्व अपर स्वास्थ्य निदेशक डॉ. अंशू सिंह की मां सावित्री देवी का मलदहिया के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। उनकी अंत्येष्टि मणिकर्णिका घाट पर की गई।
बिहार के हाजीपुर की सावित्री सिंह अपने पीछे तीन पुत्र और तीन पुत्रियां छोड़ गई हैं। अंत्येष्टि के दौरान दामाद और जीवनदीप शिक्षण समूह के चेयरमैन डॉ. अशोक कुमार सिंह, उमा शंकर यादव, नन्हें सिंह, भारतीय ब्रह्म सभा के महामंत्री अनिल पांडेय, जीवनदीप पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्य डॉ. ममता सिंह, जीवनदीप महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. इंद्रेश सिंह, रजिस्ट्रार नंदलाल कई संभ्रांत लोग मौजूद रहे।
चैंपियंस एकादश ने साइकेट्रिक विभाग को सात विकेट से हराया
चिकित्सा विज्ञान संस्थान प्रीमियर लीग शनिवार को रुइया मैदान पर खेला गया। पहला मैच चैंपियंस एकादश बनाम साइकेट्रिक विभाग के बीच खेला गया। पहले मैच में साइकेट्रिक की टीम ने 10 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 85 रन बनाए। जवाब में चैंपियंस एकादश ने सात विकेट से मैच जीत लिया।
दूसरे मुकाबले में ब्लड बैंक की टीम ने ऑफिस एवेंजर की टीम को हराया। ऑफिस एवेंजर ने 10 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 143 रन बनाए। जवाब में ब्लड बैंक के मधुकर की 96 रनों की पारी की मदद से ब्लड बैंक की टीम ने बाजी मारी।
जीरो-टिलेज गेहूं पर आधुनिक तकनीकों से कराया अवगत
अंतरराष्ट्रीय चावल अनुसंधान संस्थान (ईरी) की ओर से शनिवार को गाजीपुर जिले के मरदह ब्लॉक के चंवर गांव में जीरो-टिलेज गेहूं पर एक प्रक्षेत्र दिवस का आयोजन हुआ। इसका मुख्य उद्देश्य किसानों को धान की सीधी बोआई और जीरो-टिलेज गेहूं की आधुनिक तकनीकों से अवगत कराना था।
इस अवसर पर किसानों के सामने गेहूं की कटाई का प्रदर्शन हुआ। इसमें प्रभावशाली उपज 5.6 टन प्रति हेक्टेयर दर्ज की गई। विशेषज्ञों ने जीरो टिलेज तकनीक के विभिन्न लाभों की जानकारी दी। इसमें लागत में कमी, बेहतर उत्पादन, मिट्टी के स्वास्थ्य में सुधार और जलवायु के अनुकूल खेती प्रमुख हैं।
दक्षिण एशिया क्षेत्रीय केंद्र (आइसार्क) के निदेशक डॉ. सुधांशु सिंह ने उत्तर प्रदेश में टिकाऊ और मशीनीकृत खेती को बढ़ावा देने की आइसार्क की प्रतिबद्धता को दोहराया। ईरी के वरिष्ठ सलाहकार डॉ. आरके मलिक ने धान की सीधी बुवाई और जीरो-टिल विधि से गेहूं की बोआई को अपनाने के फायदे बताए। केवीके गाजीपुर के हेड डॉ. वीके सिंह, जौनपुर केवीके के हेड, यूपीडास्प, कृषि विभाग-उत्तर प्रदेश के कृषि विशेषज्ञ डॉ. वीपी सिंह सहित 100 से अधिक किसान शामिल रहे।
शोध प्रवेश के लिए साक्षात्कार 21 व 22 अप्रैल को
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के समाजशास्त्र विभाग में शोध प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों के शोध प्रस्ताव का प्रस्तुतीकरण 21 व 22 अप्रैल को होगा। विभागाध्यक्ष प्रो. अमिता सिंह ने बताया कि प्रवेश परीक्षा से मुक्त अभ्यर्थियों (जे.आर.एफ/नेट उत्तीर्ण) का 21 अप्रैल एवं शोध प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का 22 अप्रैल को प्रस्तुतीकरण होगा।
उन्होंने बताया कि प्रस्तुतीकरण सुबह 10 बजे से समाज विज्ञान संकाय के स्मार्ट क्लास रूम में शोध समिति के समक्ष होगा। अभ्यर्थी अपने शैक्षणिक अंकपत्र एवं प्रमाण पत्रों की मूल प्रति, शोध प्रस्ताव (पीपीटी) प्रस्तुतीकरण के लिये सॉफ्ट कॉपी पेन ड्राइव में साथ लेकर आएं।
मौलिक कर्तव्यों के प्रति किया जागरूक
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के एलएलएम प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने शनिवार को मौलिक कर्तव्य जागरूकता अभियान चलाया। डब्ल्यू.एच. स्मिथ मेमोरियल स्कूल सिगरा में छात्रों को एनईपी में मौलिक कर्तव्यों की जानकारी देकर, राष्ट्र व समाज के प्रति उनके कर्तव्यों के बारे में बताया गया।
अध्यक्षता करते हुए स्कूल की प्रधानाचार्या डॉ. अनिता पॉलिन डे ने कहा कि इससे हमारे छात्र लाभांवित होंगे। विधि विभाग के डॉ. हंसराज ने कहा कि छात्र हमारे देश का भविष्य हैं। इनका विकास, देश के विकास में अहम भूमिका निभाएगा। इस मौके पर डॉ. राम जतन प्रसाद, डॉ. अनिल कुमार, संगीता नायक, राखी वर्मा, पूजा मौर्या मौजूद रहे।
जूनियर स्टेट कुश्ती चैंपियनशिप में अंशुल को पहला स्थान
किरठल गांव के आदर्श शिक्षा मंदिर इंटर कॉलेज में शनिवार को जूनियर स्टेट कुश्ती चैंपियनशिप की शुरुआत हुई। 53 किलो में वाराणसी की अंशुल यादव ने पहला स्थान हासिल किया। विजेताओं को ट्राॅफी देकर सम्मानित किया। कल से पुरुष वर्ग के मुकाबले होंगे।
आर्य महिला इंटर कॉलेज में होगी गृह विज्ञान की प्रयोगात्मक परीक्षा
माध्यमिक शिक्षा परिषद की इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाओं में अनुपस्थित रहे या किसी कारणवश छूट गए विद्यार्थियों को एक और मौका दिया गया है। आर्य महिला इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य प्रतिभा यादव ने बताया कि गृह विज्ञान की प्रायोगिक परीक्षा विद्यालय में होगी। जिन छात्राओं की परीक्षा छूट गई है वो विद्यालय में सात से आठ अप्रैल को सुबह 8 से दोपहर डेढ़ बजे तक परीक्षा में शामिल हो सकते हैं।
गृह विज्ञान के अलावा भौतिक, रसायन, जीव विज्ञान और भूगोल की प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए पीएमश्री राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज लहुराबीर में केंद्र बनाया गया है। जहां विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हो सकते हैं।
शिवम सोनकर से भाजपा नेताओं ने की मुलाकात
बीएचयू में पीएचडी प्रवेश को लेकर धरना दे रहे शिवम सोनकर से भाजपा नेताओं ने मुलाकात की। जिलाध्यक्ष व एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, संजय सोनकर, सुरेश सिंह आदि लोग बीएचयू पहुंचकर शिवम से विस्तृत वार्ता की। इस अवसर पर भाजपा नेताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय, यूजीसी के प्रति आभार जताया कि उनके निर्णय से बहुत से छात्रों का भविष्य अच्छा हो जाएगा।
100 मराठी परिवारों में बांटा गया पंचांग
महाराष्ट्र से बाहर रहने वाले मराठी भाषी लोगों की संस्था बृहन्महाराष्ट्र मंडल के स्थापना के शताब्दी वर्ष के आयोजन शनिवार को आरंभ हुए। पहले कार्यक्रम में गणेश शिशु वाटिका विद्यालय तथा अन्य विद्यालयों में बच्चों को स्टेशनरी किट, बिस्कुट, टाफी का वितरण किया गया। इसके साथ ही सौ मराठी परिवारों में गणेश आपा पंचांग का वितरण किया गया।
अन्नपूर्णा मठ मंदिर द्वारा संचालित वृद्ध आश्रम में फल और मिष्ठान वितरण किया गया। दशाश्वमेध भूतेश्वर हनुमान स्थित वेद विद्यालय में बटुकों को नित्योपयोगी वस्तुओं का वितरण किया गया। बृहन्महाराष्ट्र मण्डल के उत्तर प्रदेश कार्यवाह षडानन पाठक कारखेड़कर के नेतृत्व में पं माधव जनार्दन रटाटे, मकरंद महैस्कर, पं उदय कंठाले, आश्रय मिटकर, आशीष औंढ़ेकर के सहयोग से कार्यक्रम संपन्न हुए।
शीतला माता मंदिर पर भंडारा कल
नरिया के साकेनगर काॅलोनी स्थित मां शीतला मंदिर पर पूजा पाठ और भंडारे का आयोजन सात अप्रैल को किया गया है। अशोक फाउंडेशन के आलोक मिश्रा और पियूष मिश्रा ने बताया कि शाम 7 बजे से भंडारा शुरू होगा, जो देर रात तक जारी रहेगा।
अपर नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण
अपर नगर आयुक्त शनिवार को अर्दलीबाजार पहुंचे। यहां स्थानीय पार्षद के साथ लोगों की समस्याएं सुनी। अफसरों को निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बाजार में लोगों से अपील भी कि फुटपाथ, नाली से कब्जा हटा लें।
माता का हुआ भव्य शृंगार।
- फोटो : अमर उजाला
गिरधरपुर में माता चौरा का भव्य शृंगार
गिरधरपुर में इस साल भी नवरात्रि के आखिरी दिन रामनवमी के अवसर पर माता चौरा का भव्य श्रृंगार किया गया। इस आयोजन में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए और माता के दरबार में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए लोहता थाना प्रभारी प्रवीण कुमार और कोटवां चौकी प्रभारी पवन कुमार ने अपनी पूरी टीम के साथ कार्यक्रम की देखरेख की।
उन्होंने सुनिश्चित किया कि आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं को सभी सुविधाएं सही रूप से मिलें और कार्यक्रम शांति से संपन्न हो। इस मौके पर माता का प्रसाद वितरण भी किया गया और श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करने के लिए बड़ी संख्या में आए। ग्रामवासियों द्वारा किए गए इस आयोजन ने धार्मिक एकता और भाईचारे को बढ़ावा दिया।
सम्राट अशोक की जयंती पर निकली जनजागरण रैली
चक्रवर्ती सम्राट अशोक की जयंती अशोकाष्टमी के अवसर पर शनिवार को बरेका में जनजागरण रैली निकाली गई। सामाजिक संस्था कुशवाहा मित्र मंडल की ओर से निकली रैली बरेका परिसर स्थित आरपीएफ बैरक से पूर्वी कॉलोनी, सिनेमा हॉल, सूर्य सरोवर, जलालीपट्टी मार्केट,ऑटो स्टैंड, कंचनपुर कॉलोनी से होकर कंदवा गेट, बाल उद्यान होते हुए कर्मचारी क्लब के पास समाप्त हुई।
मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या और आरपीएफ के सहायक कमांडेंट जयप्रकाश मौर्य, वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी संतोष कुमार मौर्य रहे। रैली में मंडल संरक्षक जयराम सिंह, संजय कुमार, महामंत्री राजेश कुशवाहा, कर्मचारी परिषद के संयुक्त सचिव श्रीकांत यादव, मनीष सिंह आदि रहे।
बाबू जगजीवन राम की जयंती पर किया नमन
बाबू जगजीवन राम की 118वीं जयंती पर शनिवार को राजघाट स्थित उनकी प्रतिमा पर कांग्रेस ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। जिला व महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि बाबू जगजीवन राम ने अपना पूरा जीवन वंचितों, शोषितों और दलितों के अधिकारों के लिए समर्पित किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे,राजू गौतम,राजीव राम,अशोक सिंह उपस्थित रहे।
21वीं शताब्दी नवाचार अर्थव्यवस्था और रोबोटिक्स की
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के वाणिज्य विभाग में शनिवार को महानता की ओर उन्नति : एआई युग में कॅरियर की सफलता सुनिश्चित करना विषयक एक विशेष व्याख्यान हुआ। मुख्य वक्ता राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय काउंसलर अनुपम रघुवंशी ने एआई के प्रयोग और उससे होने वाले परिवरत्नों के बारे में बताया।
उन्होंने विद्यार्थियों को नवाचार और सृजनात्मकता से भविष्य में उत्पन्न होने वाले रोजगार के अवसरों के बारे में ध्यानाकर्षण किया। 21वीं शताब्दी को नवाचार अर्थव्यवस्था और रोबोटिक्स की शताब्दी बताया। स्वागत संकायाध्यक्ष प्रो. सुधीर कुमार शुक्ल ने किया। संचालन डॉ. आयुष कुमार और धन्यवाद ज्ञापन विभागाध्यक्ष प्रो. अजीत कुमार शुक्ल ने किया। इस अवसर प्रो. अशोक कुमार मिश्र, प्रो. कृष्ण कुमार अग्रवाल, डॉ. धनंजय विश्वकर्मा आदि उपस्थित रहे।
कैंपस प्लेसमेंट में 28 छात्रों का चयन
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कैंपस प्लेसमेंट सेल एवं हाईटेक एचआर सर्विसेज की ओर से शनिवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय शोधपीठ में कैंपस साक्षात्कार हुआ। इसमें सहायक प्रबंधक पद के लिए 28 छात्र एच.डी.एफ.सी. बैंक द्वारा अगले राउंड के लिए शाॅर्ट लिस्ट किए गए।
समन्वयक/ निदेशक प्रो. शेफाली वर्मा ठकराल ने बताया कि साक्षात्कार में मुख्य परिसर एवं गंगापुर परिसर से लगभग 100 विद्यार्थी ने भाग लिया। इस दौरान बैंक के प्रतिनिधियों ने छात्रों से प्री-प्लेसमेंट टाॅक किया। छात्रों के रिज्यूम परीक्षण एवं ग्रुप डिस्कशन करने के बाद 28 छात्र शाॅर्ट लिस्ट किए गए। उन्होंने बताया कि बैंक की ओर से अपने कार्यालय अथवा ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर इन छात्रों का व्यक्तिगत साक्षात्कार होगा। इस अवसर पर डॉ. अविनाश कुमार सिंह, डॉ. दिलीप कुमार सिंह, मदन लाल, मौजूद रहे।
ककरमत्ता फ्लाईओवर के नीचे बने हॉल में शुरू होंगे तीन खेल
ककरमत्ता फ्लाईओवर के नीचे नवनिर्मित वातानुकूलित हॉल में तीन खेलों का 10 अप्रैल से प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिनमें लॉन टेनिस,टेबल टेनिस और शतरंज की ट्रेनिंग दी जाएगी। सिगरा स्टेडियम के बाद यह दूसरा सार्वजनिक स्थल होगा जहां लॉन टेनिस का प्रशिक्षण होगा। जबकि टेबल टेनिस का पहला प्रशिक्षण केंद्र बनेगा। स्टेडियम में टेबल टेनिस की सुविधाएं हैं लेकिन कोच ना होने की वजह से इसका प्रशिक्षण नहीं दिया जा रहा है।
रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ संपन्न हुआ झूलेलाल महोत्सव
पूज्य सिन्धी सेंट्रल पंचायत समाज की ओर से आयोजित झूलेलाल महोत्सव का समापन सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ। मेला कमेटी के चेयरमैन शंकर विशनानी के नेतृत्व में कलर ऑफ सिंध की थीम पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक संध्या ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण अजमेर से आए संगीत कलाकार भगत लवी कमल रहे, जिन्होंने अपने हिंदी और सिंधी गीतों की शानदार प्रस्तुति से श्रोताओं को झूमने और थिरकने पर मजबूर कर दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रमुख रूप से पंचायत पांडेपुर, सिंधु विकास समिति और सिंधी युवा समिति के सदस्यों ने भाग लिया।
सांस्कृतिक संध्या में समाज की विभिन्न प्रतिष्ठित पंचायतों और संस्थानों के सदस्यों ने सिंधी गीतों के साथ-साथ देशभक्ति और नवरात्र के देवी गीतों पर भी मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। समाज की महिलाओं और बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रमों से समां बांध दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा विधायक सुशील सिंह, सपा विधायक आशुतोष सिन्हा, अपर पुलिस महानिदेशक पीयूष मोर्डिया और वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) के उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग उपस्थित रहे। पूज्य सिन्धी सेंट्रल पंचायत समाज के अध्यक्ष श्याम खेमानी ने समारोह में आए अतिथियों स्वागत किया। इस मौके पर हीरानंद लखमानी, कमलेश छुगानी, अनिल लखमानी आदि मौजूद रहें।
समस्याओं को लेकर उपायुक्त के साथ उद्यमियों की बैठक
लघु उद्योग भारती काशी प्रांत के उद्यमियों की शनिवार को उपायुक्त उद्योग मोहन शर्मा के साथ बैठक हुई। इसमें विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। बैठक में अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया कि सरकारी योजनाओं की सब्सिडी समय पर नहीं मिलने से इकाइयों के संचालन में परेशानी हो रही है। उद्यमियों को सरकारी योजनाओं की सब्सिडी नहीं मिल रही है। योजनाओं में बैंकों में फाइलें डंप पड़ी रह रही है। बैठक में ज्योतिशंकर मिश्रा, मनीष चौबे, विमलेश मौर्या रहे।
छात्रों को दी जीवन शैली से उत्पन्न होने वाली मानसिक समस्याओं की जानकारी
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के मनोविज्ञान विभाग में शनिवार को साइकी स्पीक विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला हुई। इसमें आधुनिक मनोवैज्ञानिक परिवर्तन एवं नवीन अनुसंधान विधियों पर चर्चा हुई।
जयपुर विवि के मनोविज्ञान विभाग की पूर्व अध्यक्ष प्रो. ए.वी.एस. मदनावत ने छात्रों को आधुनिक जीवन शैली से उत्पन्न होने वाली मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी दी। साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के सहयोग एवं भविष्य में उससे उत्पन्न होने वाली मानसिक समस्याओं के विषय में बताया।
कार्यक्रम संयोजक एवं विभागध्यक्ष प्रो. शेफाली वर्मा ठकराल आधुनिक मनोवैज्ञानिक समस्याओं पर प्रकाश डाला और तेजी से हो रहे मनोवैज्ञानिक परिवर्तन पर चिंता व्यक्त की। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति प्रो. एके त्यागी ने की। संचालन डॉ. अभिषेक कुमार मिश्रा और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. दुर्गेश उपाध्याय ने किया। इस अवसर पर प्रो. शंभू उपाध्याय, प्रो. रश्मि सिंह, डॉ. प्रतिभा सिंह, डॉ. मुकेश कुमार पंथ, डॉ. पूर्णिमा श्रीवास्तव मौजूद रहे।
नलकूप का स्टार्टर खराब, बाधित हुई पेयजल आपूर्ति
पुरानापुल क्षेत्र में शनिवार को जलापूर्ति नहीं हुई। लोग दोपहर तक परेशान रहे। क्षेत्र के पूलकोहना, भट्ठा, दनियालपुर के घरों में आपूर्ति नहीं हुई। इससे हैंडपंपों पर लाइन लगी रही। नलकूप ऑपरेटर पप्पू ने बताया कि स्टार्टर खराब होने से आपूर्ति नहीं हो सकी।
डीएम के आदेश के बाद भी सरकारी नाले से नहीं हटा कब्जा
सेवापुरी के ग्राम पंचायत सजोई में सरकारी नाले पर एक ग्रामीण ने कब्जा कर लिया है। ग्रामीण कई बार शिकायत भी कर चुके हैं। तहसीलदार ने लेखपाल को कब्जा हटवाने का आदेश जारी किया था। इसके बाद भी कब्जा नहीं हटाया गया। ग्रामीणों ने एक समाधान दिवस पर डीएम एस. राजलिंगम से इसकी शिकायत की।
उन्होंने कब्जा हटाने के निर्देश दिए और 12 हजार रुपये जुर्माना वसूलने का आदेश दिया। इसके बावजूद भी क्षेत्रीय लेखपाल ने कब्जा नहीं हटवाया। दोबारा शिकायत करने के बाद डीएम ने एसडीएम राजातालाब को कब्जा हटवाने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद भी कब्जा नहीं हट पाया।
डीएलएड परीक्षा में अंतिम दिन 137 अनुपस्थित
जिले में डीएलएड द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा शनिवार को समाप्त हो गई। अंतिम दिन हिंदी और अंग्रेजी की परीक्षा हुई, जिसमें कुल 137 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। 2115 पंजीकृत विद्यार्थियों ने परीक्षा दी।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के प्राचार्य उमेश कुमार शुक्ला ने बताया कि परीक्षा के लिए 2252 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था। चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाएं सात से नौ अप्रैल तक होंगी। जिले में तीन केंद्र बनाए गए हैं। रानी मुरारका बालिका इंटर कॉलेज भोजूबीर, कमला पति त्रिपाठी बालिका इंटर कॉलेज कैंट और राधा किशोरी बालिका इंटर कॉलेज रामनगर शामिल हैं।
आर्य महिला में होगी गृह विज्ञान की परीक्षा
माध्यमिक शिक्षा परिषद की इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाओं में अनुपस्थित रहे या किसी कारणवश छूट गए विद्यार्थियों को एक और मौका दिया गया है। आर्य महिला इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य प्रतिभा यादव ने बताया कि गृह विज्ञान की प्रायोगिक परीक्षा विद्यालय में होगी।
जिन छात्राओं की परीक्षा छूट गई है वो विद्यालय में सात से आठ अप्रैल को सुबह 8 से दोपहर डेढ़ बजे तक परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। गृह विज्ञान के अलावा भौतिक, रसायन, जीव विज्ञान और भूगोल की प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए पीएमश्री राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज लहुराबीर में केंद्र बनाया गया है। जहां विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हो सकते हैं।
कॉपियों के मूल्यांकन में सहयोगी शिक्षकों का सम्मान
पीएम श्री राजकीय क्वींस कॉलेज में शनिवार को वीर सम्मान समारोह परीक्षा हुई। बोर्ड परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं को मूल्यांकन केंद्रों तक सुरक्षित पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाने वाले शिक्षकों और परिचारकों को सम्मानित किया गया।
जिला विद्यालय निरीक्षक अवध किशोर सिंह ने कहा कि इन शिक्षकों और परिचारकों ने ट्रक और अन्य वाहनों के माध्यम से दो से तीन दिनों तक यात्रा कर उत्तरपुस्तिकाओं को विभिन्न जिलों तक पहुंचाया। सीमा पर तैनात सैनिकों से तुलना कर कहा कि जिस प्रकार सैनिक देश की सुरक्षा करते हैं, उसी प्रकार इन परीक्षा वीरों ने शिक्षा व्यवस्था को बेहतर किया है।
21वीं शताब्दी नवाचार आैर अर्थव्यवस्था की
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के वाणिज्य विभाग में शनिवार को महानता की ओर उन्नति : एआई युग में कॅरियर की सफलता सुनिश्चित करना विषयक एक विशेष व्याख्यान हुआ। मुख्य वक्ता राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय काउंसलर अनुपम रघुवंशी ने एआई के प्रयोग और उससे होने वाले परिवरत्नों के बारे में बताया।
उन्होंने विद्यार्थियों को नवाचार और सृजनात्मकता से भविष्य में उत्पन्न होने वाले रोजगार के अवसरों के बारे में ध्यानाकर्षण किया। 21वीं शताब्दी को नवाचार अर्थव्यवस्था और रोबोटिक्स की शताब्दी बताया। स्वागत संकायाध्यक्ष प्रो. सुधीर कुमार शुक्ल ने किया। संचालन डॉ. आयुष कुमार और धन्यवाद ज्ञापन विभागाध्यक्ष प्रो. अजीत कुमार शुक्ल ने किया। इस अवसर प्रो. अशोक कुमार मिश्र, प्रो. कृष्ण कुमार अग्रवाल, डॉ. धनंजय विश्वकर्मा आदि उपस्थित रहे।
कैंपस प्लेसमेंट में 28 छात्रों का चयन
वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कैंपस प्लेसमेंट सेल एवं हाईटेक एचआर सर्विसेज की ओर से शनिवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय शोधपीठ में कैंपस साक्षात्कार हुआ। इसमें सहायक प्रबंधक पद के लिए 28 छात्र एच.डी.एफ.सी. बैंक द्वारा अगले राउंड के लिए शाॅर्ट लिस्ट किए गए।
समन्वयक/ निदेशक प्रो. शेफाली वर्मा ठकराल ने बताया कि साक्षात्कार में मुख्य परिसर एवं गंगापुर परिसर से लगभग 100 विद्यार्थी ने भाग लिया। इस दौरान बैंक के प्रतिनिधियों ने छात्रों से प्री-प्लेसमेंट टाॅक किया। छात्रों के रिज्यूम परीक्षण एवं ग्रुप डिस्कशन करने के बाद 28 छात्र शाॅर्ट लिस्ट किए गए। उन्होंने बताया कि बैंक की ओर से अपने कार्यालय अथवा ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर इन छात्रों का व्यक्तिगत साक्षात्कार होगा। इस अवसर पर डॉ. अविनाश कुमार सिंह, डॉ. दिलीप कुमार सिंह, मदन लाल, मौजूद रहे।