वाराणसी के चोलापुर क्षेत्र में दानगंज कपीसा मोड़ पर खड़े ट्रक के केबिन में चालक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। रविवार सुबह खून से लथपथ शव को चोलापुर पुलिस ने कब्जे में लिया। वारदात के बाद फरार खलासी को पुलिस ने शाम के बाद हिरासत में ले लिया। फोरेंसिक टीम ने ट्रक के अंदर से साक्ष्य के तौर पर कई सामानों को कब्जे में लिया। ट्रक मालिक की तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस खलासी से पूछताछ कर रही है।
चंदौली कोतवाली के चैनपुरवा निवासी सेवालाल यादव (50) चौक थाना अंतर्गत बड़ी पियरी निवासी मनोज यादव का ट्रक चालक था। वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग के चोलापुर थाना अंतर्गत दानगंज स्थित कपीसा मोड़ पर शनिवार को चावल लोड कराने के बाद ट्रक खड़ा किया था। रात में ही ट्रक लेकर बिहार निकलना था।
शाम के समय चालक सेवालाल और खलासी कमल ने मोड़ के पास ही सब्जी खरीदी और साथ में खाना बनाकर खाया। सुबह जब लोग टहलने निकले तो ट्रक के केबिन से खून रिसता देख डायल-112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू की। केबिन के अंदर चालक का लहूलुहान हाल में शव पड़ा हुआ था। किसी धारदार हथियार से गला रेता गया था।