मुख्तार अंसारी पर शिकंजा कसने के लिए आजमगढ़ पुलिस ने उसके गुर्गे श्यामबाबू पासी का वाहन सीज कर दिया। इसके अलावा हरिकेश की बाइक को भी सीज की गया। मुख्तार के खिलाफ आजमगढ़ में में दर्ज गैंगस्टर के मुकदमे में शामिल श्यामबाबू पासी की संपत्तियों को चिह्नित करने के दौरान एक चार पहिया वाहन के बारे में जानकारी हुई।
मुकदमे के विवेचक प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि श्यामबाबू पासी वर्तमान में बुलंदशहर कारागार में है। साक्ष्यों के आधार पर उसने जरायम की कमाई से वर्ष 2018 में पत्नी के नाम से एक स्कार्पियो खरीदी थी, जो मऊ जिले के चिरैयाकोट कोतवाली में है। इसका खुलासा तब हुआ जब दो जून को श्यामबाबू पासी का बड़ा भाई सोहन पासी जमानत पर छूटा और उसी स्कार्पियों से घर जाने लगा।
स्वाट टीम ने वाहन को चिरैयाकोट क्षेत्र में कब्जे में ले लिया था। शुक्रवार को पुलिस ने इस वाहन को सीज कर दिया। प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि इसके अलावा हरिकेश ने जेल से छूटने के बाद एक बाइक खरीदी थी। उसे भी सीज किया गया है।
आजमगढ़ के पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि मुख्तार पर दर्ज गैंगस्टर के मामले में शामिल श्यामबाबू पासी की स्कार्पियों के साथ ही एक अन्य अपराधी हरिकेश की बाइक को सीज किया गया है। स्कार्पियों की कीमत साढ़े आठ लाख व बाइक की 60 हजार रुपये आंकी गई है।
मऊ के सदर से विधायक मुख्तार अंसारी की शुक्रवार को आजमगढ़ जिले के गैंगस्टर कोर्ट में वर्चुअल पेशी हुई। मुख्तार के अलावा गैंगस्टर के इस मामले में विभिन्न जेलों में बंद चार और आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। पेशी के दौरान मुख्तार ने बांदा जेल में मैनुअल के हिसाब से सुविधाएं न मिलने और उत्पीड़न का आरोप लगाया। न्यायाधीश ने सुनवाई की अगली तारीख 27 जुलाई नियत की है।
तरवां थाना क्षेत्र के ऐराकला गांव में एक सड़क निर्माण के ठेके को लेकर ठेकेदार पर हमला हुआ था, एक मजदूर की मौत हो गई थी। इस मामले में मुख्तार अंसारी व उनके सहयोगियों के नाम सामने आए। इस पर पुलिस ने मुख्तार व उनके गुर्गों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा पंजीकृत किया। इसी मामले में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से शुक्रवार को मुख्तार अंसारी बांदा जेल से पेश हुए।
उन्होंने पेशी के दौरान बांदा जेल प्रशासन पर सुविधाएं न उपलब्ध कराने और उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। मुख्तार के अलावा बुलंदशहर जेल में बंद श्यामबाबू पासी, गाजीपुर जेल में बंद राजन पासी, आजमगढ़ जेल में बंद राजेंद्र पासी व अभिषेक की भी शुक्रवार को गैंगस्टर कोर्ट में पेशी हुई। विवेचक प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि गैंगस्टर के इस मामले में न्यायाधीश ने पेशी की अगली तारीख 27 जुलाई नियत की है।