शिलान्यास करतीं महापौर मृदुला जायसवाल।
वाराणसी के छित्तूपुर, सोनिया और महमूरगंज में सीवर व पेयजल लाइन बिछाने के कार्य का शिलान्यास महापौर मृदुला जायसवाल ने शुक्रवार को किया। छित्तूपुर घंटी मिल मार्ग पर 600 एमएम व्यास की लगभग 480 मीटर लंबी सीवर लाइन बिछाई जाएगी। इसकी अनुमानित लागत 48 लाख रुपये है।
इसके बाद राज्य निधि के अंतर्गत सोनिया से भारत सेवाश्रम संघ तक 400 मीटर लंबी व 600 एमएम व्यास की सीवर लाइन डाली जा रही है। इसकी अनुमानित लागत 60 लाख रुपये है । इसका शिलान्यास महापौर ने किया। महमूरगंज क्षेत्र में राधा मार्केट से यमुना लकड़ी वाले तक लगभग 540 मीटर लंबी और 200 एमएम व्यास की पेयजल की पाइप लाइन 14वें वित्त निधि से डाली जा रही है। इसकी अनुमानित लागत लगभग 16 लाख रुपये है।
इसके साथ ही लगभग 540 मीटर लंबी व 600 एमएम व्यास की सीवर लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। जो 14वें वित्त से कराया जा रहा है। यहां महापौर मृदुला जायसवाल ने निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिया कि जो कार्य सीवर लाइन व पेयजल पाइप लाइन बिछाने का होता जा रहा है। इसके बाद जनता के आवागमन को ध्यान में रखते हुए रास्ते में पड़े मिट्टी व मलबे को हटाते जाएं, जिससे आवागमन सुचारू रूप से चलता रहे।