मुझे नायब तहसीलदार ने थप्पड़ मारा, लेकिन इस मामले में पुलिस मुकदमा दर्ज नहीं कर रही है। यह शिकायत सेवापुरी की छात्रा ने मेयर अशोक तिवारी से की। मेयर ने तत्काल जिलाधिकारी एस राजलिंगम को फोन कर कहा कि इस छात्रा को न्याय मिलना चाहिए। मेयर मंगलवार को जवाहर नगर स्थित प्रधानमंत्री के संसदीय कार्यालय में जनसुनवाई कर रहे थे।
जनसुनवाई में भीषमपुर की इंटर की छात्रा साल्वी सिंह पहुंची। उन्होंने कहा कि नायब तहसीलदार सेवापुरी जमीन पर कब्जा दिलाने पहुंची थी। जब उनसे हाईकोर्ट की कॉपी मांगी तो उन्होंने अभद्र व्यवहार किया और थप्पड़ मारा। इसके बाद पुलिस की ओर से सरकारी काम में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज करा दिया। हमारी तरफ से भी तहरीर दी गई थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसी तरह आंबेडकर पार्क बड़ी गैबी निवासी अशोक कुमार त्रिपाठी ने कहा कि नगर निगम के शौचालय, कम्युनिटी हॉल पर अवैध कब्जा है। इस पर मेयर ने नगर आयुक्त से बात की और कहा कब्जा हटवाया जाए। भगवानपुर की पुनीता मिश्रा ने सड़क और पानी की समस्या बताई। 50 से ज्यादा शिकायतें आईं। इनका निस्तारण करके मेयर ने संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजा।