जौनपुर के बदलापुर थाने के कुशहां निवासी विनोद यादव के मोबाइल में एक एप डाउनलोड कराकर जालसाजों ने उनके बैंक खाते से पांच लाख 20 हजार 516 रुपये निकाल लिया। भुक्तभोगी की शिकायत के आधार पर सारनाथ स्थित साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर एक लाख 17 हजार 529 रुपये वापस कराया। शेष रुपये की बरामदगी और जालसाजों को चिह्नित कर उनकी धरपकड़ का प्रयास किया जा रहा है।
भुक्तभोगी विनोद यादव ने बताया कि एक इन्वेस्टमेंट संस्था में उन्होंने सिस्टेमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (एसआईपी) लिया था। इसके लिए वह इन्वेस्टमेंट संस्था में किश्त जमा करते थे। किश्त ऑनलाइन नहीं शो कर रही थी। इस पर उन्होंने गूगल में सर्च कर इन्वेस्टमेंट संस्था का कस्टमर केयर नंबर निकाला। बता करने पर उन्हें उनके मोबाइल में एक एप डाउनलोड करने को कहा गया। इसके बाद उनका मोबाइल हैक कर उनके खाते से पांच लाख 20 हजार 516 रुपये निकाल लिए गए। इस संबंध में साइबर क्राइम थाना प्रभारी विजय नारायण मिश्र ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर एक लाख 17 हजार 529 रुपये पीड़ित के खाते में वापस कराया गया। शेष अन्य राशि होल्ड कराने के साथ ही आरोपियों को चिह्नित कर उनकी धरपकड़ का प्रयास किया जा रहा है।