आरओ, एआरओ के साथ कुर्सी पर बैठे सांसद छोटेलाल खरवार
- फोटो : अमर उजाला
सोनभद्र में नगर निकाय चुनाव के नामांकन के अंतिम दिन जनपद में जमकर आदर्श आचार संहिता की धज्जियां उड़ीं। भाजपा के सांसद कुंवर छोटेलाल खरवार न सिर्फ निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम (न्यायिक) कुंवर बहादुर सिंह के बगल में कुर्सी पर जाकर बैठ दिखाई दिए, बल्कि सत्ता पक्ष के बड़े नेताओं के वाहन तक निर्वाचन कार्यालय में दाखिल हुए।
सत्ता पक्ष के लोगों से नामांकन कक्ष भी खचाखच भरा रहा। वहीं, ड्यूटी पर तैनात अफसर से लेकर अन्य कर्मी विभिन्न दलों को नियम कानून का पाठ पढ़ाते नजर आए। सत्ता पक्ष को मनमानी की पूरी छूट रही। आदर्श आचार संहिता के पालन को लेकर चुनाव आयोग सख्त निर्देश जारी किए है।
आदर्श आचार संहिता तोड़ने वालों पर कार्रवाई की बात कही जा रही है, मगर जिले में चुनाव से जुड़े अफसर आयोग के निर्देशों पर अमल नहीं कर रहे हैं। सोमवार को राबर्ट्सगंज के भाजपा प्रत्याशी बिंदू जायसवाल का नामांकन था।
सिविल लाइंस स्थित होटल सवेरा से प्रत्याशी बिंदू जायसवाल, जिलाध्यक्ष अशोक मिश्रा, सांसद छोटेलाल खरवार, पूर्व एमएलसी जयप्रकाश चतुर्वेदी, विधायक भूपेश चौबे, रमेश मिश्रा, धर्मवीर तिवारी आदि के साथ लाव लश्कर लेकर नामांकन करने पहुंचे।
इस दौरान जमकर नारेबाजी होती रही। इसी बीच सांसद छोटे लाल खरवार सीधे निर्वाचन अधिकारी और वहां मौजूद एआरओ के बीच में कुर्सी पर जाकर बैठ गए। एडीएम और एआरओ भी सांसद से बात करने लगे। सांसद वहीं बैठे बैठे पार्टी के कार्यकर्ताओं को नसीहत भी देते रहे।
हालांकि निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम कुंवर बहादुर सिंह सांसद के कुर्सी पर बैठने की बात से साफ तौर पर मुकर गए। कहने लगे सांसद कुर्सी पर बैठे ही नहीं। सांसद उन लोगों के पास आ रहे थे उन्हें मना कर दिया गया। इस पर सांसद सीढ़ी से उतरकर चले गए।