वाराणसी। पार्टी सांसदों के लोकसभा से निलंबन के विरोध में मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने टाउनहाल, मैदागिन स्थित गांधी प्रतिमा के समक्ष धरना दिया। जिलाध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा की अगुवाई में हुए इस धरना-प्रदर्शन में जिला कमेटी के पदाधिकारियों के अलावा सभी ब्लाकों के अध्यक्ष, रामनगर और गंगापुर टाउन एरिया के प्रभारी मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस सांसदों का निलंबन वापस होने तक सड़क से सदन तक कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि 25 कांग्रेस सांसदों का सदन से निलंबन लोकतंत्र की हत्या है। भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी नरेंद्र मोदी सरकार का चेहरा बेनकाब हो गया है। नेताओं ने कहा कि केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज, राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के इस्तीफे की मांग कर रहे कांग्रेसी सांसदों का निलंबन लोकतंत्र के लिए काला दिन है।
प्रधानमंत्री विरोधियों की आवाज को कुचलना चाहते हैं। कांग्रेस ऐसा होने नहीं देगी। कहा कि ललित मोदी प्रकरण में आरोपी सुषमा स्वराज और व्यापम मामले में मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान का जब तक इस्तीफा नहीं हो जाता कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
धरना और सभा में विधायक अजय राय, पूर्व विधायक कैलाश टंडन, सतीश चौबे, बैजनाथ सिंह, अनिल उपाध्याय, जितेंद्र सेठ, तिलकराज कपूर, विनोद सिंह, शिवशंकर मौर्या, शैलेंद्र सिंह, राजेश्वर सिंह पटेल, राघवेंद्र चौबे, अभिषेक, त्रिभुवन, वीरेंद्र चौरसिया, हरिशंकर सिंह, विकास गुप्ता, सुनील श्रीवास्तव आदि मौजूद थे।