उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में एक मां ने अपने ही हाथों अपने दो मासूम बच्चों की हत्या कर दी। इसके बाद ट्रेन के आगे कूद कर खुद भी आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी श्रीपर्णा गांगुली एडिश्नल एसपी विजय पाल सिंह सहित कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्यवाही में जुटी गई।
कोतवाली क्षेत्र के महतवार निवासी राम अवतार पासवान भदोही में सेतु निगम में कार्यरत थे। दो माह पूर्व उनकी मौत हो गई थी। उनका इकलौता पुत्र दिनेश पासवान मृतक आश्रित कोटे से नौकरी के लिए कागजात जमा कराने शनिवार की सुबह भदोही गया था। उसकी मां सुरसतिया देवी पत्नी पिंकी और दो बच्चे घर पर थे।
देर रात पिंकी ने अपने दोनों बच्चों विंध्याचल (5) एवं कल्लू (3) की शनिवार की रात में हत्या कर दी और स्वयं घर से दो किमी दूर गढ़िया रेलवे क्रासिंग पर डाउन सूरत-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस से आगे कूदकर जान दे दी। उधर, ट्रेन चालक से मिली महिला की मौत की सूचना पर स्टेशन अधीक्षक ने पुलिस को दी।
पुलिस को मौके पर पिंकी का मोबाइल पड़ा मिला जिससे उसने पति दिनेश को घटना के बारे में बताया। दिनेश उसी वक्त एक्सप्रेस से मऊ पहुंचा। दिनेश के बताने पर पुलिस उसके घर पहुंची और सुरसतिया देवी को उसकी बहू के ट्रेन से कटने की सूचना दी।
सुरसतिया संग आसपास के लोग क्रासिंग पर पहुंचे तो पिंकी का शव ट्रैक पर पड़ा था। वहां से रोते-बिलखते सुरसतिया घर पहुंची तो दोनों बच्चों को मृत पड़े देखा थे। बहू और दोनों पोतों की मौत से सुरसतिया बदहवास हो गई।
एसपी श्रीपर्णा गांगुली ने कहा कि दो बच्चों की हत्या व महिला द्वारा खुदकशी किए जाने के मामले में प्रथम दृष्टया पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। इस मामले में मृतक के पति की तहरीर पर मृतका के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।