वाराणसी। नया मोटर वाहन अधिनियम लागू होने का असर रविवार को सड़कों पर नहीं नजर आया। लंका चौराहे पर तैनात ट्रैफिक सिपाहियों की मौजूदगी के बावजूद दो पहिया वाहन पर तीन सवारी, बिना हेलमेट और सड़कों पर नो पार्किंग में खड़ी गाड़ियां देखी गईं। यही हाल लहरतारा, मंडुवाडीह, रथयात्रा और सिगरा का भी रहा। ट्रैफिक पुलिस भी मूकदर्शक बनी रही।
बिना हेलमेट पकड़े जाने पर पहले से पांच गुना जुर्माना और तीन महीने तक लाइसेंस निलंबित करने का प्रावधान है। इसी प्रकार दो से ज्यादा सवारी होने पर पहले से 10 गुना जुर्माना अर्थात एक हजार रुपये तक देने पड़ सकते हैं। सीट बेल्ट, ओवर स्पीड, शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर जुर्माने की राशि बढ़ा दी गई है। एक सितंबर से नए नियम के लागू होने के बाद आशा व्यक्त की जा रही थी कि लोगों में इसका डर दिखेगा और नियमों का पालन करेंगे पर ऐसा नहीं हुआ। बाइक पर तीन सवारी आम बात रही। इसी प्रकार बिना हेलमेट के लोग सड़कों पर फर्राटा भरते नजर आए। वहीं दूसरी ओर लंका चौराहे पर ऑटो और ई-रिक्शा के बेतरतीब ख़ड़े होने की वजह से जाम की समस्या आम रही। ऐसे में नए मोटर वाहन अधिनियम का असर सड़कों पर नजर नहीं आया। ट्रैफिक पुलिस भी सड़कों किनारे सुस्ताती रही।