वाराणसी। जिला जेल की निगरानी व्यवस्था अब और मजबूत होगी। इसके लिए जिला जेल में 26 हाई डेफिनेशन सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। इससे पहले जिला जेल में 34 सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। आगामी एक महीने में जिला जेल 60 हाई रिजॉल्यूशन के सीसीटीवी कैमरों से लैस होगी। इससे बंदियों की गतिविधियों की निगरानी में सहूलियत होगी।
जिला जेल में मौजूदा समय में 2500 बंदी निरुद्ध हैं। इनमें 90 महिला बंदी भी शामिल हैं। जेल अधीक्षक एके सक्सेना ने बताया कि बंदियों की गतिविधियों की निगरानी के लिहाज से 34 सीसीटीवी कैमरे कम पड़ रहे थे। इसलिए 26 नए सीसीटीवी कैमरे जिला जेल परिसर में लगाए जा रहे हैं। यह कैमरे जिला जेल की निगरानी की व्यवस्था को और सशक्त बनाएंगे। जिला जेल परिसर की निगरानी के एक ड्रोन कैमरा भी उपलब्ध है। साथ ही, सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से जिला जेल प्रशासन के पास हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (एचएचएमडी), डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (डीएफएमडी) और डीप सर्च मेटल डिटेक्टर भी मौजूद है।
-----
12 बैरक बढ़ाने का भेजा गया है प्रस्ताव
747 बंदियों की क्षमता वाली जिला जेल में मौजूदा समय में निर्धारित संख्या से तीन गुना अधिक बंदी निरुद्ध हैं। फिलहाल यहां बैरकों की संख्या 19 है। जिला जेल के अधीक्षक ने बताया कि 720 बंदियों की क्षमता वाली 12 नई बैरक बनाने का प्रस्ताव सरकार को भेजा गया है। शासन स्तर से प्रस्ताव को मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।