यूपी में एंटी रोमियो स्क्वॉड अपनी उपयोगिता साबित करने में नाकाम दिख रहे हैं। ताजा मामला आजमगढ़ जिले का है जहां सोमवार को छेड़खानी के तीन गंभीर मामले सामने आए हैं। अहरौला थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार की रात करीब दस बजे घर में घुसकर छेड़खानी करने वाले युवक ने विरोध करने पर छात्रा के गर्दन पर चाकू मार दिया।
गंभीर रूप से घायल युवती का शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा। वहीं दूसरी घटना में छेड़खानी से परेशान युवती ने जहर खा ली। उसका इलाज चल रहा। वहीं तीसरी घटना में बिलरियागंज थाने की रहने वाली एक युवती के मोबाइल पर मनबढ़ अश्लील मैसेज भेज रहे हैं। तीनों मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
अहरौला थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 18 वर्षीय युवती क्षेत्र के एक कॉलेज में बीए की छात्रा है। कॉलेज आते-जाते समय उसके गांव का शिवधर मौर्य पुत्र श्यामलाल अक्सर छेड़खानी करता था और फब्तियां कसता था। शिवधर गांव में ही ट्रैक्टर चलाता है। संकोच वश युवती ने यह बात अपने घर वालों को नहीं बताई।
इसका फायदा उठाते हुए शिवधर रविवार की रात करीब दस बजे युवती के घर में घुस गया और छेड़खानी करने लगा। युवती ने जब इसका विरोध किया तो उसने चाकू मार दिया। घायल युवती के शोर सुनकर परिवार के लोगों ने शिवधर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घायल युवती को सीएचसी अहरौला में भर्ती कराया गया जहां से हालत गंभीर देखकर उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। उसका शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा।