गंगा में वाराणसी से हल्दिया के बीच जल परिवहन के लिए शुक्रवार को आईडब्ल्यूएआई ने भारत के सबसे पहले 13 मानकीकृत आधुनिक जहाजों के डिजाइन को सार्वजनिक कर दिया। इन्हें गंगा नदी (राष्ट्रीय जलमार्ग-1) पर माल ढुलाई के लिए उपयुक्त बताया गया है।
गंगा नदी की जल धारा, गति, तीव्र मोड़ और अस्थायी वाहिकाओं के कारण जल परिवहन में होने वाली चुनौतियों को ध्यान में रखकर जहाज के डिजाइन तैयार किए गए हैं। डिजाइन आईडब्ल्यूएआई की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।
केंद्र सरकार, विश्व बैंक की तकनीकी सहायता और निवेश सहायता के साथ 5369.18 करोड़ रुपये की लागत से एनडब्ल्यू-1 (वाराणसी-हल्दिया जलमार्ग) पर जल परिवहन की क्षमता बढ़ाने काम चल रहा है।
विशेष रूप से डिजाइन किए गए जहाज कम गहराई वाले क्षेत्रों में कम लागत पर अधिक भार ढो सकेंगे। जहाज पर्यावरण के अनुकूल भी होंगे। नई डिजाइन से प्रत्येक जहाज के निर्माण में 30 से 50 लाख रुपये तक की बचत होगी।