आईआईटी बीएचयू में दो पूर्व छात्रों की मदद से वैज्ञानिक रिसर्च के अवसरों में उल्लेखनीय वृद्धि होने जा रही है। आईआईटी कैंपस में एडवांस और डायनेमिक मैटेरियल पर शोध करने के लिए अत्याधुनिक प्रयोगशाला बनाने की तैयारी है। इसके लिए यहां के दो पूर्व छात्रों 3.65 लाख डॉलर यानी 2.90 करोड़ की धनराशि आईआईटी को दान की है। इस धनराशि से विश्वशांति एडवांस्ड वाइब्रेशन एंड डायनेमिक मैटेरियल्स टेस्टिंग लैबोरेटरी बनाई जाएगी।
1979 बैच के मैकेनिकल इंजीनियरिंग के छात्र और जेनिक्स टेक्नोलॉजी इंक के सीईओ राजीव खन्ना बीते दिनों 1979 बैच के गोल्डन जुबली री-यूनियन के दौरान आईआईटी बीएचयू पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने ‘विश्वशांति एडवांस्ड वाइब्रेशन एंड डायनेमिक मैटीरियल्स टेस्टिंग लैबोरेटरी’ की स्थापना के लिए 285000 अमेरिकी डॉलर के दान की घोषणा की थी। इसी कार्यक्रम में मेटलर्जिक साइंस के पूर्व छात्र उज्जवल नाथ भी थे।
वह माइकर्मा के अध्यक्ष और सीईओ हैं। उन्होंने 80 हजार यूएस डॉलर संस्थान को दान करने का एलान किया। गौरतलब है कि श्री नाथ अपनी कंपनी माईकर्मा में अब तक 30 से अधिक आईआईटी बीएचयू विद्यार्थियों को नियुक्ति दे चुके हैं। भारतीय रुपये में यह धनराशि लगभग 2.90 करोड़ हो जाती है।