विदेशी नागरिकों से जुड़े मामलों को गंभीरता के साथ लेकर उन पर त्वरित कार्रवाई का निर्देश पुलिस महकमे के अधिकारी मातहतों को देते रहते हैं लेकिन हकीकत के धरातल पर ऐसा होता नहीं है। ताजा मामला वाराणसी के भेलूपुर थाने से जुड़ा है, जहां विदेशी नागरिक से मोबाइल छीने जाने की वारदात को पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच की बात कहते हुए टरका दिया। भेलूपुर पुलिस के इस रवैए से विदेशी पर्यटक खासा निराश दिखा और कोसता हुआ अपने होटल चला गया।
अंडोरा निवासी पर्यटक सोमवार को अस्सी घाट पर घूमने गया था। घाट पर एक लड़का उनके हाथ से मोबाइल छीन कर भाग निकला। पर्यटक की सूचना पर पहुंची भेलूपुर थाने की पुलिस कार्रवाई और सुरागकशी की बजाय पूछताछ तक ही सीमित रही। इससे दुखी होकर पर्यटक वापस अपने होटल लौट गए। खबर छपने के बाद मंगलवार को पुलिस ने विदेशी पर्यटक को खोजा और तहरीर ली।
पुलिस चौकी प्रभारी अस्सी ने बताया कि विदेशी पर्यटक की तहरीर पर गुमशुदगी दर्ज कर जांच की जा रही है। इस संबंध में एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि छिनैती की घटना को गुमशुदगी दर्ज करना सही नहीं है। इस संबंध में इंस्पेक्टर भेलूपुर और अस्सी चौकी प्रभारी से जवाब-तलब किया जाएगा।