धरने पर बैठी विधायक अलका राय
- फोटो : अमर उजाला
गाजीपुर के नोनहरा थाना क्षेत्र के कठवा मोड़ पुलिस चौकी गेट पर रविवार शाम को मुहम्मदाबाद विधायक अलका राय ने थानाध्यक्ष को एक अपराधी के साथ देखा तो वह अपनी गाड़ी से उतरकर चौकी के पास पहुंच गईं। उन्हें देखते ही थानाध्यक्ष ने अपराधी को भगा दिया।
इससे नाराज विधायक और उनके समर्थक थानाध्यक्ष के निलंबन और उनके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने तथा अपराधी को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर धरना पर बैठ गए। इसकी जानकारी होते ही एसपी ग्रामीण और सीओ तत्काल मौके पर पहुंच गए।
विधायक अलका राय रविवार की शाम साढ़े बजे रेवतीपुर से भ्रमण कर लौवाडीह एक कार्यक्रम में जा रही थी। उनकी गाड़ी नोनहरा थाना क्षेत्र के कठवामोड़ पुलिस चौकी के पास पहुंची तो उनकी नजर पुलिस चौकी के सामने खड़ी एक स्विफ्ट डिजायर कार के पास खड़े थानाध्यक्ष केपी सिंह पर पड़ी।
वह एक शातिर अपराधी के साथ बात कर रहे थे। यह देख विधायक गाड़ी से उतर गईं। उन्हें देख थानाध्यक्ष ने अपराधी को इशारा कर भगा दिया। यह देख विधायक नाराज हो गई और वह थानाध्यक्ष से उलझ गई। इसी बीच उनके समर्थकों ने कार में बैठे उसके चालक को पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया।
विधायक थानाध्यक्ष और चौकी प्रभारी के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज करने के साथ उसके निलंबित करने और अपराधी को गिरफ्तार करने की मांग पर चौकी परिसर में समर्थकों के साथ धरना पर बैठ गई। समर्थकों ने थानाध्यक्ष को भी अपने बीच बैठा दिया।
इसकी जानकारी होते ही एसपी ग्रामीण चंद्रप्रकाश शुक्ला और सीओ मौके पर पहुंच गए। घटना की जानकारी होते ही डीएम के बालाजी और एसपी सोमेन वर्मा भी मौके पर पहुंच गए। रात पौने नौ बजे तक विधायक अपनी मांग को लेकर धरना पर बैठी हुई थी और अधिकारी धरना समाप्त कराने में लगे हुए थे।