एससी-एसटी को लेकर सरकार और संगठन के बीच समन्वय स्थापित करके भाजपा की मिशन 2019 की तैयारी शुरू हो गई है। भाजपा हर बूथ पर 21 एससी सदस्यों की समिति तैयार बनाएगी। मई से समिति के सदस्य बूथ स्तर से जुड़े एससी समुदाय के सदस्यों की समस्याओं का समाधान कराएंगे।
उन्हें केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ भी दिलाएंगे। ऐसा कहना है भाजपा अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश मंत्री लालचंद्र कन्नौजिया का। मंगलवार को वाराणसी आए कन्नौजिया ने दावा किया कि सपा-बसपा के गठबंधन के बावजूद पीएम नरेंद्र मोदी का जादू इस बार भी चलेगा।
आरक्षण के लिए सरकार एससी-एसटी के हक की बात कर रही है। प्रमोशन में आरक्षण का बिल सपा के सदस्य ने फाड़ा था। प्रदेश मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार ने फैसला किया है कि किसी भी गरीब की मौत इलाज के अभाव में नहीं होगी।
आयुष्मान भारत योजना इसीलिए शुरू की गई है। मोर्चे के कार्यकर्ता गांव-गांव में इसका प्रचार करेंगे। इस मौके पर मछलीशहर सांसद रामचरित्र निषाद के मीडिया प्रभारी अभिषेक राजपूत ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की सभी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने का निर्देश मिला है।
प्रधानमंत्री आवास योजना, सौभाग्य और उज्जवला योजना की उपलब्धियों को पार्टी लोगों के बीच ले जाएगी। इसी के अनुपालन में जनप्रतिनिधियों का गांवों में रात्रि प्रवास रखा गया है। जनप्रतिनिधि रात्रि प्रवास के दौरान केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जमीनी हकीकत परखेंगे।