वाराणसी। फूलपुर थाना अंतर्गत कथौली गांव में शुक्रवार सुबह दो पक्षों में जमीन विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस के साथ अराजकतत्वों ने दुर्व्यवहार किया। इंस्पेक्टर के नेतृत्व में पहुंची फोर्स ने लाठियों के दम पर उन्हें खदेड़ा और इलाके में फोर्स तैनात की। मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, करीब दस से बारह युवकों को वीडियो के आधार पर चिह्नित किया गया।
कथौली गांव में विशेष जाति के लोगों का समाधि स्थल है। जिस पर राजभर समाज के लोग अपनी भूमि होने का दावा करते हुए सुबह 8 बजे कब्जा करने लगे। जिस पर विपक्षी ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर दो सिपाहियों के साथ पहुंचे बाबतपुर चौकी इंचार्ज अरविंद यादव ने समझाने का प्रयास किया तो कुछ युवक दुर्व्यवहार पर उतारू हो गए। वायरलेस सेट के जरिए यह जानकारी थाने को मिली तो भारी फोर्स के साथ पहुंचे इंस्पेक्टर ने उपद्रवियों को लाठियों के बल पूर्वक खदेड़ना शुरू किया। इस दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार कर थाने लाया गया। इंस्पेक्टर दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि बारह उपद्रवियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।