हलधरपुर थाना क्षेत्र के भीमपुरा तिराहे के पास सोमवार की शाम साढ़े छह बजे बाइक सवार तीन बदमाशों ने दुकान बंद कर निकल रहे सराफा व्यवसायी को आतंकित कर 65 हजार रुपये नगद और 12 लाख के गहने लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने सराफा की जमकर पिटाई कर दी। दुकान बंद करके सराफा अपने घर के पास पहुंचा ही था कि बदमाशों ने हमला बोल दिया। सराफा से लूट की घटना को डीआईजी आजमगढ़ सुभाष चंद दूबे ने गंभीरता से लेते हुए बदमाशों को पकड़ने के निर्देश दिए। समाचार लिखे जाने तक पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य भी मौके पर पहुंच गए थे।
रतनपुरा बाजार के निवासी राहुल पुत्र दिलीप की भीमपुरा तिराहे पर सराफा की दुकान है। दुकान से महज 100 मीटर की दूरी पर उसका घर है। राहुल शाम को दुकान बंद कर लगभग दस लाख रुपये के नए गहने और दो लाख के पुराने गहने तथा 65 हजार रुपये नगद एक झोले में रखकर बाइक से घर जाने के लिए निकला। दुकान से कुछ ही दूर आगे बढ़ा था कि सफेद रंग की अपाचे बाइक से आए तीन बदमाशों ने उसे रोक लिया। बदमाशों ने राहुल की बाइक को धक्का मार दिया जिससे वह बाइक समेत गिर गया। इस बीच एक बदमाश ने सराफा का झोला झटक लिया।
राहुल ने बदमाशों का विरोध करते हुए झोला छीनने की कोशिश की तो बदमाशों ने उसकी कनपटी पर तमंचा सटा दिया। इसके बावजूद राहुल ने विरोध जारी रखा तो बदमाशों ने उसकी लात घूसों से जमकर पिटाई कर दिया। लगभग आठ मिनट तक तांडव मचाने के बाद बदमाश राहुल का झोला लेकर भाग निकले। इस बीच राहुल ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। कुछ ही देर में चौकी प्रभारी रतनपुरा भी घटनास्थल पर पहुंच गए उन्होंने उच्चाधिकारियों को घटना के बारे में जानकारी दी।
इधर घटना की जानकारी पाते ही भाजपा नेता रामाश्रय म्रौर्य ने पुलिस अधीक्षक और डीआईजी सुभाष चंद दूबे को फोन कर घटना की जानकारी दी और बदमाशों को तत्काल पकड़ने की मांग की। कुछ ही देर में थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार भी मौके पर पहुंच गए उन्होंने सराफा से घटना के बारे में सराफा से समाचार लिखे जाने तक एसपी अनुराग आर्य और एएसपी एसके श्रीवास्तव भी मौके पर पहुंच गए थे।