रोहनिया (वाराणसी)। शहावाबाद में चारपहिया कंपनी के शोरूम में शुक्रवार रात घुसे चार नकाबपोश बदमाशों ने चार सिक्योरिटी गार्डों को बंधक बना लिया। साथ ही दो गार्डों की पिटाई भी की। शोर सुनकर शोरूम के प्रथम तल पर मौजूद दो लोगों ने ईंट-पत्थर से वार करना शुरू किया तो बदमाश भाग निकले। सीसी कैमरे में चारों बदमाशों की तस्वीर कैद हुई है। सूचना पाकर रोहनिया थाने की पुलिस शोरूम के पास सड़क निर्माण में लगे दो मजदूरों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
विज्ञापन
रोहनिया थाना क्षेत्र के शहावाबाद में शुक्रवार रात शोरूम में सिक्योरिटी गार्ड खजुरी (मिर्जापुर) के मणि शंकर सिंह, बेनीपुर (मिर्जामुराद) के विनोद सिंह, नैपुरा (जंसा) के अरुण कुमार और कुंडलियां के राकेश सिंह ड्यूटी पर थे। प्रथम तल के कमरे में रिंकू तिवारी और राकेश थे। सिक्योरिटी गार्डों ने बताया कि चार नकाबपोश बदमाश चहारदीवारी फांदकर हाथ में रॉड और पेचकस लेकर अंदर दाखिल हुए। बदमाशों ने चारों सिक्योरिटी गार्ड को बंधक बना लिया। साथ ही मणि शंकर और विनोद की पिटाई शुरू कर दी। आवाज सुनकर प्रथम तल पर मौजूद रिंकू तिवारी और राकेश बदमाशों पर ईंट-पत्थर फेंकने लगे। इससे घबराए बदमाश चहारदीवारी फांदकर भाग निकले। रोहनिया थानाध्यक्ष योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि घटना का जल्द ही खुलासा किया जाएगा।