उत्तर प्रदेश के वाराणसी के लोहता क्षेत्र के बड़ीबाजार में पीपल के एक पेड़ के नीचे रखी शनिदेव की मूर्ति को शरारती तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। शनिवार को ग्रामीणों को इसकी जानकारी हुई तो मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना पाकर लोहता थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के रोष को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर लोहता थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके जांच की जा रही है।
लोहता थाना अंतर्गत बड़ीबाजार में पुराना पीपल का पेड़ है। पेड़ के नीचे शनिदेव, विष्णुजी और बजरंगबली की मूर्ति स्थापित की गई है और गांव के लोग रोजाना पूजापाठ करते हैं। शुक्रवार की रात शरारती तत्वों ने शनिदेव की मूर्ति को क्षतिग्रस्त कर दिया। समीप ही रहने वाले रोहित चौबे ने देखा की कि मूर्ति क्षतिग्रस्त कर दी गई है तो इसकी सूचना थानाध्यक्ष लोहता विश्वनाथ प्रताप सिंह को दी।
थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे और समीप ही लगे सीसी कैमरे की फुटेज देखे तो एक व्यक्ति दिखाई पड़ा लेकिन उसका चेहरा स्पष्ट नहीं हुआ। कैमरे की तरफ उसकी पीठ था। गांव के रोहित चौबे, भोलानाथ, हरिओम मोदनवाल और राजेश गांधी सहित अन्य लोगों ने यह तय कि पेड़ के चारों तरफ रेलिंग बनाकर एक गेट लगा दिया जाए। रविवार को शनिदेव की नई मूर्ति स्थापित की जाएगी।