लालगंज थाना क्षेत्र के सिरसी डैम के पास रविवार की दोपहर भैंस चराने गए एक ही परिवार के तीन बच्चों की पास के चुड़ैनियां तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना की खबर लगते ही परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों की मदद से करीब दो घंटे बाद तीनों के शवों निकाले गए।
सिरसी गांव निवासी रामजनम का पुत्र मंगल (13), पुत्री सुधा (7) व उसके भाई रामसखा की तीन पुत्रियां गुड़िया (14), पूजा (12) तथा मधु (8) भैंस चराने के लिए सिरसी डैप के पास गई थी। सारे बच्चे डैम के पास खेल रहे थे। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे सुधा भैंस की पीठ पर बैठी थी
इसी बीच भैंस चुड़ैनियां तालाब में नहाने चली गई। गहरे पानी में जाने से सुधा पानी में डूबने लगी। उसके शोर करने पर मंगला तथा गुड़िया उसे बचाने के लिए पानी में कूदे। किंतु वे दोनों भी गहरे पानी में चले गए। काफी देर तक तीनों बाहर नहीं निकले तो तालाब किनारे बैठी पूजा व मधु शोर मचाते हुए घर पहुंची और परिजनों को घटना के बारे में बताया।
तीनों बच्चों के डूबने की खबर लगते ही परिवार में हड़कंप मच गया। करीब दो घंटे की खोज के बाद छह बजे तीनों के शव तालाब से निकाल लिए गए। एसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि बच्चे भैंस चराने गए थे इसी दौरान एक भैंस जिसकी पीठ पर छोटी बच्ची बैठी थी चुड़ैनियां तालाब में उतर गई।
उसके शोर मचाने पर उसका और उसकी चचेरी बहन उसे बचाने गए पर वे भी डूब गए। पंचनामे की कार्रवाई के बाद परिवारवाले चाहेंगे तो शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।