आर्केस्ट्रा के दौरान महिला डांसर से छेड़खानी करना यूपी पुलिस के दो सिपाहियों को मंहगा पड़ गया। दर्शकों के साथ मारपीट में दो सिपाहियों के सिर फट गए। पुलिस ने लाठियां भांजी तो भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया।
जिसमें एक दरोगा को चोटें आई। घटना को लेकर जमकर बवाल हुआ। यह घटना यूपी के मऊ जिले में हुई। दुर्गापूजा समिति के लोगों ने यूपी 100 बाइक के दो सिपाहियों पर महिला डांसरों को छूने, रुपये लुटाने, उनके ड्रेसिंग रूम में घुसकर छेड़छाड़ करने तथा तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया है।
बड़ागांव के पास स्थित भरौटी में स्थापित दुर्गा पूजा समिति की तरफ से हर साल की तरह दुर्गा पंडाल में पूजा हो रही थी। इस दौरान आर्केस्ट्रा का आयोजन किया गया था। इसमें महिला डांसर अश्लील गानों पर डांस कर रही थीं।
पूजा समिति के पदाधिकारियों में दिनेश राजभर और प्रवीण ने बताया कि रात 12 बजे के करीब यूपी 100 बाइक के दो सिपाही सादे कपड़ों में आए और पंडाल में बैठकर डांस देखने लगे। कुछ देर बाद दोनों डांसरों को नोट देने लगे।
आरोप है कि दोनों सिपाही बगल में डांसरों के ड्रेसिंग रूप में प्रवेश कर ताकझांक करने लगे। आयोजकों ने विरोध किया। इसको लेकर सिपाहियों और आयोजकों में विवाद हो गया। दोनों सिपाहियों ने सूचना कोतवाली पुलिस को दे दी। ऐसे में दरोगा शिवेंद्र राय तीन सिपाहियों के साथ मौके पर पहुंच गए।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
घायल सिपाही
- फोटो : अमर उजाला
आयोजक अध्यक्ष मोतीचंद्र, कोषाध्यक्ष दिनेश राजभर, सदस्य ओमप्रकाश, सुजीत, प्रवीण कुमार का आरोप है कि मौके पर आए दरोगा शिवेंद्र राय ने पहुंचते ही डंडे से सबको पीटना शुरू कर दिया। डीजे आदि पर डंडा बरसाने लगे। डांस को बंद करा दिया। इसको लेकर अफरातफरी मच गई। दर्शक भी मारपीट में शामिल हो गए।
इस दौरान दरोगा शिवेंद्र राय, सिपाही जागेश्वर सिंह और यूपी 100 पुलिस के सिपाही राकेश कुमार के सिर में चोट आईं। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां से सभी को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज चल रहा है।
इस बीच पूजा समिति के लोगों और दर्शकों ने रात एक बजे हाईवे पर पर जाम लगा दिया। आधे घंटे बाद पहुंचे कोतवाल ने लोगों को समझा बुझाकर जाम समाप्त कराया। किसी भी पक्ष से मुकदमा नहीं लिखा गया था।
सीओ नंदलाल का कहना है कि घटना इत्तेफाक है, उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एएसपी एसके श्रीवास्तव का कहना है कि घायल दोनों सिपाही ड्यूटी ऑफ होने पर सादे कपड़ों में डांस देखने गए थे। दरोगा को मामूली चोटें आई होगी। पूजा कमेटी से सिपाहियों की हरकतों का वीडियो मांगा गया है। मामले की जांच कराई जा रही है, जांच के बाद कार्रवाई होगी।