मिर्जापुर जिले के जमुआ गांव में मुंबई से लौटा युवक सोमवार को कोरोना संक्रमित मिला। वह 14 मई को जिले में आया था। उसे लोहंदी के क्वारंटीन सेंटर में रखा गया था। अब उसे सेम्फोर्ड स्कूल के अस्पताल में भर्ती कर दिया गया।
जमुआ गांव को नया हॉट स्पॉट बना दिया गया है। गांव के रास्ते सील कर दिए गए हैं। जिले में अब कोरोना के 29 एक्टिव मरीज हो गए हैं। जबकि कुल संक्रमितों की संख्या 32 हो गई। पिछले सप्ताह से जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ी है। 9 दिनों में 25 संक्रमित मिल चुके हैं। इसमें एक को छोड़कर सभी मुंबई से लौटने वाले हैं।
सबसे अधिक संक्रमित कछवां थाना क्षेत्र में हैं। यहां एक परिवार में 11 संक्रमित मिले हैं। सोमवार को जमुआ में एक और संक्रमित मिलने से कछवां थानाक्षेत्र में संक्रमितों कई संख्या 12 हो गई। इसके बाद पड़री थाना क्षेत्र में पांच कोरोना संक्रमित मिले हैं। अब तक जिले से 1005 लोगों के सैंपल भेजे जा चुके हैं। इनमें 32 पाजिटिव मामले सामने आए हैं। तीन लोग स्वस्थ हो चुके हैं।