वाराणसी। प्रदेश के ऊर्जा राज्यमंत्री रमाशंकर सिंह पटेल ने कहा- कुछ लोग फर्जी बिल जारी कर रहे हैं। इनकी शिकायत 1912 पर करें। गुरुवार को भिखारीपुर स्थित पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पूर्वांचल डिस्कॉम) के एमडी कार्यालय में राज्यमंत्री ने कहा कि जनता डरे नहीं, बल्कि शिकायत करे।
बलिया के बैरिया विधायक सुरेंद्र सिंह द्वारा बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता को जान से मारने की धमकी दिए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह मामला मेरे संज्ञान में नहीं आया है। यदि ऐसा होगा तो मुख्यमंत्री विधायक को तलब करेंगे। पीडब्ल्यूडी के ठेेकेदार अवधेश चंद्र श्रीवास्तव को 1.02 करोड़ रुपये की आरसी जारी करने वाले दीपक श्रीवास्तव के सवाल पर कहा कि यह हाईलेवल का मामला है।
इससे पहले हुई बैठक में राज्यमंत्री ने कहा कि योगी सरकार गांवों को भी 24 घंटे बिजली देने की दिशा में काम कर रही है। 2022 तक प्रदेश सभी गांवों को 24 घंटे बिजली मिलेगी। बीते डेढ़ साल में 31 लाख नए कनेक्शन दिए गए। उन्होंने कहा कि रात में बिजली कटौती नहीं होनी चाहिए। ट्रांसफार्मर 24 से 48 घंटे के भीतर बदलना चाहिए। एसडीओ-जेई फोन जरूर उठाएं। किसानों को बिजली देने के लिए अलग किसान फीडर लगाए गए हैं। इनसे सुबह पांच से शाम सात बजे तक बिजली आपूर्ति होगी, ताकि किसान रात में सो सकें।
22,500 रुपये जमा कर पाएं नलकूप कनेक्शन का लाभ
राज्यमंत्री ने कहा कि ऐसे निजी नलकूप मालिक, जिन्होंने बिजली कनेक्शन नहीं लिया है और बिजली से नलकूप चला रहे हैं, वे मात्र 22,500 रुपये एकमुश्त जमा कर कनेक्शन लेकर उपभोक्ता बने। यह योजना 31 अक्टूबर तक लागू है। उन्होंने अधिकारियों से नियमित निरीक्षण करने और फाल्ट को तुरंत दुरुस्त कराने को कहा। उन्होंने पंडित दीनदयाल ग्राम ज्योति योजना, सौभाग्य योजना, आईपीडीएस और बिजनेस प्लान आदि की समीक्षा की।