काशी में मेट्रो रेल का सपना साकार करने के लिए काम जल्द शुरू होगा। प्रदेश सरकार से मंगलवार को कैबिनेट की बैठक में काशी के लिए मेट्रो रेल परियोजना को हरी झंडी मिलने के बाद अब संभावना जताई जा रही है कि नए साल मेंे जनवरी माह के अंत तक इस संबंध में फिजिबिलिटी रिपोर्ट और डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने की कवायदें शुरू कर दी जाएंगी।
काशी में मेट्रो रेल संचालन के लिए वीडीए की वाराणसी महायोजना-2031 में चार रूट निर्धारित किए गए हैं। पहला, साढ़े सात किलोमीटर का कैंट से लंका तक भूतिगत ट्रैक। दूसरा, साढ़े नौ किलोमीटर का कैंट से सारनाथ तक उपरिगामी ट्रैक। तीसरा, साढ़े बाइस किलोमीटर का डीएलडब्ल्यू से मुगलसराय तक उपरिगामी ट्रैक और चौथा, अट्ठारह किलोमीटर का कचहरी से बाबतपुर तक उपरिगामी ट्रैक।
बताते चलें कि काशी में मेट्रो रेल संचालन के लिए प्रस्ताव पहले भी तैयार किए गए थे लेकिन उन्हें मूर्त रूप नहीं दिया जा सका। बीते दिनों स्मार्ट सिटी विषयक कार्यशाला में शिरकत करने शहर आए केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय के सचिव शंकर अग्रवाल ने विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष सर्वज्ञ राम मिश्र से मेट्रो रेल संचालन को मूर्त रूप देने के लिए गहन मंत्रणा की थी। तभी से यह उम्मीद जगी थी कि नए साल में काशी में मेट्रो संचालन संबंधी कवायदें शुरू हो जाएंगी।