वाराणसी। राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज में दूसरे दीक्षांत और प्रतिभा सम्मान समारोह में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के छात्रों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु और विशिष्ट अतिथि नागरीप्रचारिणी सभा के प्रधानमंत्री व्योमेश शुक्ल रहे।
मुख्य अतिथि ने कहा कि गरीबी शिक्षा की राह में बाधा नहीं बन सकती। उन्होंने शिक्षा को आत्मविश्वासी, संवेदनशील और समाज के लिए उपयोगी बनाने पर जोर दिया। विशिष्ट अतिथि ने क्वींस कॉलेज को लेकर कहा कि यह केवल एक शिक्षण संस्था नहीं, बल्कि भारतीय समाज और संस्कृति के निर्माण की प्रयोगशाला है। उन्होंने कहा कि भारतेंदु हरिश्चंद्र, जयशंकर प्रसाद और चंद्रशेखर आजाद जैसे महान व्यक्ति इसी कॉलेज के छात्र रहे हैं। उन्होंने छात्रों को अपनी जड़ों से जुड़े रहने और वैश्विक दृष्टिकोण अपनाने की सलाह दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. रामानंद दीक्षित ने की। धन्यवाद ज्ञापन कॉलेज के प्राचार्य सुमित कुमार श्रीवास्तव ने किया।