यह कार्य तभी हो पाएगा, जब आरओबी के दोनों कॉलम को आगे बनाया जाएगा, जो जनवरी माह में तैयार हो रहे तीसरे नंबर के आरओबी चालू होने पर ही किया जाएगा। स्टेशन निदेशक गौरव दीक्षित ने कहा कि प्लेटफार्म नंबर तीन पर मेगा ब्लाक 14 नवंबर को समाप्त होगा। 15 नवंबर से इस प्लेटफार्म से ट्रेनों का संचालन होगा। हालांकि मेगा ब्लॉक के दौरान रद्द हुई ट्रेनें कब से चलाई जाएंगी अभी यह तय नहीं है। लेकिन, उम्मीद है एक-दो दिन में इसकी सूचना आ जाएगी।
प्लेटफार्म नंबर तीन भले ही 14 नवंबर तक तैयार हो जाएगा, लेकिन इस प्लेटफार्म से ट्रेनें कॉशन पर ही चलेंगी। प्लेटफार्म नंबर चार के पूर्ण न हो पाने के कारण अभी प्लेटफार्म नंबर तीन की कुछ दूर पटरी कर्व है। इस कारण प्लेटफार्म से ट्रेनों का परिचालन तेज गति से नहीं हो सकेगा।
प्लेटफार्म नंबर एक पर लगा एस्केलेटर खराब
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी (कैंट) रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर लगा एस्केलेटर शुक्रवार को खराब रहा। यात्री हॉल के ऊपर से होते हुए फुट ओवरब्रिज को जोड़ने वाले इस एक्सेलेटर के बंद होने से यात्रियों को सीढ़ियों से होकर गुजरना पड़ा। इससे उन्हें परेशानी हुई। वहीं, एस्केलेटर का मरम्मत का कार्य पूरे दिन चला, जिसे शाम को सही कर दिया गया।
वाराणसी (कैंट) रेलवे स्टेशन पर अब टिकट की व्यवस्था को एक जगह सुनिश्चित करा दिया गया है। पुराने टिकट हॉल में लगे सभी एटीवीएम को यात्री आश्रय में बने अनारक्षित टिकट काउंटर के पास लगवा दिया गया है। इससे टिकट के लिए यात्रियों को इधर-उधर नहीं भटकना पड़ रहा है, जबकि पुराने टिकट काउंटर वाले हॉल को वेटिंग रूम बना दिया गया है।