मेडिकल की पढ़ाई करने वाली छात्रा का अश्लील फोटो उसके दोस्तों ने ही सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है। छात्रा के भाई ने वाराणसी के सिगरा थाने में मंगलवार को दो के खिलाफ नामजद केस दर्ज कराया है। आरोप है कि युवक उसकी बहन के साथ ही मेडिकल की पढ़ाई करते हैं।
उन्होंने बहन के नाम की दूसरी आईडी बना कर उस पर एडिटेड अश्लील फोटो अपलोड कर दी है। वह छात्रा को फोटो वायरल करने की धमकी भी दे रहे हैं। इस संबंध में इंस्पेक्टर सिगरा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
पति और सास पर अश्लील हरकत का आरोप
सरसौली निवासी महिला की तहरीर पर मंगलवार को कैंट थाने में उसके पति और सास के खिलाफ अश्लील हरकत करने, मारपीट सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है। महिला के अनुसार वह मजदूरी कर अपने बच्चों का पेट पालती है। उसके घर में न रहने पर पति और सास बच्चों के साथ अश्लील हरकत करने के साथ ही मारपीट करते हैं।
सोमवार को महिला काम से लौट कर आई तो बच्चों ने बताया कि पिता और दादी ने मारपीट और अश्लील हरकत करने के साथ ही घर में रखा टीवी तोड़ दिया। इंस्पेक्टर कैंट ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
चेन छीनने वाले बदमाशों का फोटो और ब्योरा जुटाएं
वाराणसी जिले के मंदिरों, गंगा घाटों और पार्कों सहित अन्य स्थानों में बीते दस साल से चेन छीनने के आरोप में प्रकाश में आए बदमाशों की फोटो, सीसी कैमरे की फुटेज और उनसे संबंधित ब्योरा जुटाने के लिए एसएसपी ने थानेदारों को निर्देश दिया है। इन आरोपी महिला-पुरुषोें की तस्वीरोें को थानों और चौकी के साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर उसे चस्पा कराया जाएगा। साथ ही, आमजन को इनके संबंध में आगाह किया जाएगा।
जिले में चेन स्नेचिंग की सर्वाधिक घटनाएं चौक, दशाश्वमेध, लक्सा, कोतवाली, लंका, भेलूपुर और सारनाथ थाना क्षेत्र के गंगा घाटों, मंदिरों, पार्कों और पर्यटन स्थानों में सामने आती है। इस वजह से इन थानों के थानेदारों को एसएसपी की ओर से खास ताकीद की गई है