बलिया के डीएम के साथ मॉरीशस के उच्चायुक्त जगदीश्वर गोवर्धन
- फोटो : amar ujala
मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद जुगनाथ की जड़ें यूपी के एक जिले से जुड़ी हैं। उनके पूर्वजों को लेकर जानकारी जुटाने के लिए मॉरीशस के उच्चायुक्त जगदीश्वर गोवर्धन जिले में पहुंचे। उन्होंने भारत को मॉरीशस से सुंदर देश बताया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं सीएम योगी आदित्यनाथ की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के कार्यों की देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी तारीफ होती है। मोदी स्वच्छता अभियान के लिए विदेशों में सम्मानित किए जा रहे हैं। यह इस देश के लिए गौरव की बात है।
बलिया पहुंचे मॉरीशस के उच्चायुक्त जगदीश्वर गोवर्धन ने डाक बंगले में पत्रकारों से बातचीत में जिले की तारीफ करते हुए कहा कि इस जनपद ने देश एवं विदेश को प्रधानमंत्री दिए हैं। उन्होंने बताया कि मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद जुगनाथ के पूर्वजों के जिले के रसड़ा में रहने के प्रमाण मिले हैं। उसी का पता लगाने यहां आया हूं।
प्रधानमंत्री प्रविंद जुगनाथ का 23 जनवरी को वाराणसी में कार्यक्रम बन रहा है। ऐसे में यदि रसड़ा में उनके बारे में कोई प्रमाण मिलता है तो वे रसड़ा में आकर अपने पूर्वजों से मिलेंगे। रसड़ा के विकास में महत्वपूर्ण योगदान भी देंगे।