वाराणसी। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की ओर से 26 जुलाई को आयोजित होने वाली हाई स्कूल और इंटरमीडिएट की अंक सुधार की परीक्षा के लिए 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें बलिया में सर्वाधिक चार केंद्रों पर इंटरमीडिएट के 1500 से अधिक विद्यार्थी परीक्षा देंगे। वहीं वाराणसी में बने एक केंद्र क्वींस इंटर कॉलेज में हाईस्कूल के 183 और इंटर के 507 विद्यार्थी परीक्षा देंगे।
जिले में परीक्षा के लिए राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज को केंद्र बनाया गया है, जहां लगभग 600 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय के सहायक सचिव साहब सिंह यादव ने बताया कि अंक सुधार परीक्षा की संशोधित तिथि जारी कर दी गई है। मिर्जापुर के तीन केंद्रों 971 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। आजमगढ़ में दो केंद्रों पर 1094 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। जौनपुर के दो केंद्रों पर 1921 विद्यार्थी, गाजीपुर में भी दो केंद्रों पर 1673 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। चंदौली के एक केंद्र पर 986 और सोनभद्र 441 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। पहली पाली में हाई स्कूल के छात्रों की परीक्षा सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक चलेगी, जबकि इंटरमीडिएट के छात्रों की परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से 3:00 बजे तक आयोजित की जाएगी।