कैंट थाना क्षेत्र की एक महिला की बहादुरी को एसएसपी नितिन तिवारी ने सम्मानित किया है। उन्होंने उस महिला के साहस और जज्बे को सलाम किया है। उक्त महिला का नाम सुमन गुप्ता है जो कैंट क्षेत्र की अनंता नगर कॉलोनी निवासी हैं।
दरअसल, सुमन गुरुवार की शाम अपने घर से बाहर निकली थी। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन खींचने का प्रयास किया। इस पर सुमन डरी नहीं बल्कि शोर मचाते हुए बदमाशों से भिड़ गईं। तब तक शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हुए तो दोनों बदमाश बाइक छोड़कर भाग निकले।
सूचना पाकर पहुंची कैंट पुलिस ने बाइक कब्जे में ले ली है। बाइक नंबर के आधार पर आरोपियों की धरपकड़ में पुलिस जुटी है। एसएसपी नितिन तिवारी ने बताया कि सुमन ने बहादुरी की मिसाल पेश की है।
उन्होंने कहा कि आपने महिलाओं को प्रेरणा दी, हिम्मत और संयम से काम लेने की सीख दी है। आपके जज्बे,हिम्मत और साहस को वाराणसी पुलिस सलाम करती है।
आपके साहस की कहानी जब जिले की अन्य महिलाओं को पता लगेगी तो वे इससे प्रेरणा लेंगी। इस अवसर पर एसपी ग्रमीण आशीष तिवारी भी मौजूद थे।