आजमगढ़ जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा नहर के पास मंगलवार शाम वाराणसी से दुर्वासा जा रही एक प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस घटना में तीन लोगों को गंभीर चोटें आईं, जबकि अन्य यात्रियों को हल्की चोट आई है।
विज्ञापन
मंगलवार को एक प्राइवेट बस वाराणसी से दुर्वासा (आजमगढ़) जा रही थी। बस में 100 से अधिक यात्री सवार थे। लालगंज के समीप बस को एक स्थान पर पानी पीने के लिए रोका गया। इसके बाद चालक ने खलासी (कंडेक्टर) को बस चलाने को दे दी।
यात्रियों ने बताया कि कंडेक्टर बस तेजी से लेकर आ रहा था। जैसे ही गाड़ी शाम करीब 4 बजे निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा नहर के पास पहुंची सामने से एक गाड़ी आ गई। जिसे देख कंडेक्टर हड़बड़ा गया और बस अनियंत्रित होकर पोल से टकरा गई और पलट गई। बस के पलटते ही चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने बस में सवार लोगों को बाहर निकाला और वहां से गुजर रहे ट्रक को रोककर रस्सी के सहारे बस को सीधा किया।
इस घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बस में बैठे अन्य यात्रियों को भी हल्की चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही गंभीरपुर और निजामाबाद की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल भेजा। चालक और कंडेक्टर मौके से फरार हो गए।