बनारसी साड़ियां आमतौर पर महिलाओं को बहुत पसंद हैं। मगर, एक-दो बार पहनने के बाद यह आलमारी में ही रख दी जाती हैं। यह बहुत भारी-भरकम होती हैं और इनका रखरखाव भी बेहद खर्चीला होता है।
वैसे आप चाहें तो पुरानी बनारसी साड़ियों से तरह-तरह के ट्रेंडी आउटफिट्स बनवाए जा सकते हैं। मौजूदा समय में इसका चलन जोरों पर है। पुरानी बनारसी साड़ी से लहंगा-कुर्ती तैयार कराया जा सकता है। इसके अलावा एथनिक सूट सिला कर ट्रेडिशनल लुक सामने लाया जा सकता है।
ग्रेसफुल लुक के लिए बनारसी साड़ी से क्रॉप टॉप विद लहंगा भी बनवा सकते हैं। स्टाइलिश लुक के लिए फ्लेयर्ड पैंट टॉप, ट्राउजर और पैंट सूट तैयार कराया जा सकता है। वहीं, यदि आप पारंपरिक परिधान पसंद करती हैं तो बनारसी साड़ी से शरारा सूट भी सिला सकती हैं।
टेलर राशिद ने बताया कि पुरानी बनारसी साड़ियों से सूट, लहंगा, कुर्ती, ट्राउजर सहित अन्य परिधान बनाने का चलन इन दिनों जोरों पर हैं। बनारसी साड़ियों से तैयार परिधान आकर्षक दिखाई देते हैं।
टेलर कंचन ने कहा कि बनारसी साड़ियों से एथनिक सूट के साथ ही स्टाइलिश लुक के लिए कई तरह की ड्रेसेज सिलाई जा सकती हैं। एक तरह से इससे पुरानी बनारसी साड़ियों का सदुपयोग भी हो जाता है।