उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में बरातियों से भरा वाहन पलट गया, जिसमें सवार 13 लोग घायल हो गए। घायलों को पुलिस और एंबुलेंस की मदद से म्योरपुर सीएचसी में भर्ती किया गया। जहां सभी का उपचार किया जा रहा है।
विज्ञापन
सोनभद्र जिले के म्योरपुर थाना क्षेत्र के म्योरपुर-लीलासी मार्ग पर जामपानी गांव में बरातियों से भरा टाटा मैजिक वाहन पलट जाने से उस पर सवार जय सिंह(30), मुनेश्वर(11), उपेंद्र(12), सुनील(25), राकेश(10), वंशलाल(14), लालमन(24), रामसिंह(14), मनोज कुमार(14) सभी निवासी नवाटोला और मुन्नालाल(10), राजेंद्र(14), विजय(19), सर्वजीत(46) सभी निवासी जामपानी गंभीर रूप से घायल हो गए।
बरात नवाटोला के राजू पुत्र स्वर्गीय रामलखन के घर से ढोलपाखन, नौडीहा गई हुई थी। रात में विवाह आदि की रस्म संपन्न होने के बाद बरात शनिवार की सुबह वापस आ रही थी। रास्ते में वाहन जामपानी गांव पहुंचा था कि चालक ने वाहन पर अपना नियंत्रण खो दिया और बेकाबू होकर सड़क के किनारे पलट गया।
हादसे के वक्त मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को घटना की सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस की मदद से सभी को उपचार के लिए म्योरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती किया गया, जहां घायलों का उपचार चल रहा है।